ओंकारेश्वर में फ्री VIP एंट्री लेने का सुपरहिट फॉर्मुला, नहीं लगेगा कोई पैसा… बस करना होगा ब्लड डोनेट

Khandwa Omkareshwar Temple: ‘VIP ट्रीटमेंट’ और भगवान के जल्दी दर्शन करने की चाहत लोगों से क्या कुछ नहीं करा सकती… इसका एक बेहद सकारात्मक और अनोखा उदाहरण मध्य प्रदेश के खंडवा में देखने को मिला है. यहां विश्व प्रसिद्ध भगवान भोले शंकर के ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में मुफ्त VIP दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं ने जमकर रक्तदान किया है. खंडवा कलेक्टर ऋषभ गुप्ता की पहल पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा शुरू की गई इस योजना ने न केवल खंडवा बल्कि आसपास के जिलों के ब्लड बैंकों की सूरत बदल दी है

दरअसल, प्रशासन ने मंदिर के पास ही पांच बेड वाला एक विशेष ब्लड डोनेशन कैंप स्थापित किया है. यहाँ कोई भी श्रद्धालु महज 20 मिनट में ब्लड डोनेट करके एक सर्टिफिकेट प्राप्त कर सकता है. इस सर्टिफिकेट के जरिए डोनर और उसके परिवार को मंदिर में 3 से 4 घंटे लंबी कतारों में लगे बिना तुरंत ‘VIP एंट्री’ मिल जाती है. इतना ही नहीं, दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद और भगवान ओंकारेश्वर की एक सुंदर तस्वीर भी भेंट की जाती है.

ब्लड बैंक इंचार्ज डॉ. अतुल माने के मुताबिक, खंडवा में मेडिकल कॉलेज खुलने के बाद हर महीने 1,200 यूनिट ब्लड की जरूरत पड़ रही थी, जिसका पहले केवल आधा ही पूरा हो पाता था. इस शानदार तीर्थयात्रा मॉडल ने पूरी कमी को दूर कर दिया है. डॉक्टर माने इसके पीछे ‘अधिक मास’ (पुरुषोत्तम मास) को भी एक बड़ी वजह मानते हैं, क्योंकि इस पवित्र महीने में दान-पुण्य करने की हिंदू मान्यताओं ने भक्तों को रक्तदान के लिए और प्रेरित किया है. अब बढ़ते स्टॉक को संभालने के लिए मेडिकल कॉलेज में एक अलग ब्लड बैंक बनाने की योजना है.

देशभर के तीर्थस्थलों के लिए गेमचेंजर बन सकता है यह मॉडल

आमतौर पर भारत के कई बड़े मंदिरों में भीड़ से बचने के लिए VIP दर्शन के टिकट बेचे जाते हैं, जिसकी अक्सर आलोचना होती है कि पैसों के आधार पर भक्तों में भेद किया जा रहा है. लेकिन खंडवा का यह ‘ओंकारेश्वर मॉडल’ देश के अन्य तीर्थस्थलों के लिए एक बड़ी सीख है. आस्था के नाम पर लोगों को जोड़ने का यह तरीका न सिर्फ वीआईपी कल्चर के प्रति लोगों की धारणा बदल रहा है, बल्कि देश के अस्पतालों में होने वाली खून की भारी किल्लत को भी हमेशा के लिए दूर कर सकता है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com