बिहार के सिमुलतला आवासीय विद्यालय में कक्षा 6 के लिए एडमिशन शुरू, ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
बिहार के प्रतिष्ठित सिमुलतला आवासीय विद्यालय में एकेडमिक ईयर 2026 के लिए कक्षा 6 में एडमिशन प्रक्रिया 3 अगस्त से शुरू हो गई है. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने एंट्रेंस एग्जाम का नोटिफिकेशन जारी करते हुए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इच्छुक अभिभावक आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं. इस विद्यालय में एडमिशन के लिए छात्रों को दो चरणों की प्रवेश परीक्षा से गुजरना होगा. क्वालिटी एजुकेशन और बेहतर एकेडमिक माहौल के कारण हर वर्ष बड़ी संख्या में छात्र यहां प्रवेश के लिए आवेदन करते हैं.
अभ्यर्थी 18 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं. प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी. बोर्ड के अनुसार प्रारंभिक प्रवेश परीक्षा का आयोजन अक्टूबर 2026 में किया जाएगा, जबकि मुख्य प्रवेश परीक्षा दिसंबर 2026 में आयोजित होगी. प्रवेश के इच्छुक छात्रों और अभिभावकों को समय रहते आवेदन पूरा करने की सलाह दी गई है ताकि अंतिम समय की परेशानी से बचा जा सके.
जानें एलिजिबिलिटी
कक्षा 6 में एडमिशन के लिए छात्र का बिहार का स्थायी निवासी होना जरूरी है. साथ ही अभ्यर्थी ने किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय से कक्षा 5 पास की हो या वर्तमान में कक्षा 5 में पढ़ रहा हो. एज लिमिट का निर्धारण बिहार बोर्ड के तय नियमों के अनुसार किया जाएगा.
चयन की प्रक्रिया
चयन प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी. पहले चरण में वस्तुनिष्ठ प्रश्नों पर आधारित प्रिलिम्स परीक्षा होगी, जिसमें 150 अंकों के प्रश्न पूछे जाएंगे और परीक्षा की अवधि ढाई घंटे रहेगी. इस परीक्षा में सफल होने वाले छात्र ही मेंस परीक्षा में शामिल हो सकेंगे. मेंस परीक्षा दिसंबर 2026 में दो पालियों में आयोजित होगी. प्रश्नों का स्तर बिहार सरकार के कक्षा 5 के सिलेबस पर आधारित रहेगा.
आवेदन का तरीका
आवेदन के लिए अभिभावकों को बिहार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर नया रजिस्ट्रेशन करना होगा. इसके बाद लॉग इन कर आवेदन फॉर्म भरना, फोटो, सिग्नेचर और जरूरी डॉक्यूमेंट अपलोड करने होंगे. निर्धारित फीस जमा करने के बाद फॉर्म सबमिट करें और भविष्य के लिए उसका प्रिंट सुरक्षित रख लें.











