मंदिर परिसर में पेड़ से लटका मिला पूर्व उपसरपंच का शव, आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में भाजपा से जुड़े एक पूर्व उपसरपंच का शव मंदिर परिसर में पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान सेलूद गांव निवासी तारेंद्र बंछोर (50) के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

सुबह ग्रामीणों ने देखा शव

ग्रामीणों ने सुबह बाजार चौक स्थित चारबांधा तालाब के पास मंदिर परिसर में चंपा के पेड़ पर एक व्यक्ति का शव फंदे से लटका देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक ने अपने कार्यकाल के दौरान मंदिर के निर्माण और परिसर में पेड़ लगाने में अहम भूमिका निभाई थी। उसी पेड़ पर उनका शव मिलने से ग्रामीण स्तब्ध हैं।

कुछ दिन पहले खराब हुई थी तबीयत

जानकारी के मुताबिक, कुछ समय पहले तारेंद्र बंछोर की तबीयत खराब हो गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ और वे घर लौट आए थे।

हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस उनके परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर रही है।

सुसाइड नोट नहीं मिला, सभी पहलुओं की जांच जारी

पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में आत्महत्या के कारणों को लेकर कई सवाल बने हुए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।

जांच पूरी होने और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com