बिलासपुर में यातायात पुलिस का सख्त अभियान, 100 से अधिक ऑटो चालकों पर कार्रवाई

बिलासपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने नियम उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में यूनिफॉर्म और अन्य यातायात नियमों का पालन नहीं करने वाले 100 से अधिक ऑटो चालकों पर कार्रवाई की गई है। वहीं पिछले एक माह के दौरान कुल 1177 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी एवं न्यायालयीन कार्रवाई की गई है।
यूनिफॉर्म नहीं पहनने वालों पर विशेष कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे ने बताया कि ऑटो यूनियनों और चालकों के साथ लगातार बैठकें आयोजित कर उन्हें यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित यूनिफॉर्म पहनकर वाहन संचालन करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों पर कार्रवाई की गई।
यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने की पहल
यातायात पुलिस के अनुसार यूनिफॉर्म व्यवस्था का उद्देश्य केवल औपचारिकता नहीं है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा और चालक की जवाबदेही सुनिश्चित करना है। यूनिफॉर्म में वाहन संचालन करने से यात्रियों को चालक की पहचान करने में आसानी होती है और किसी भी विवाद या अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो पाती है।
नशे में वाहन चलाने वालों पर भी निगरानी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब या अन्य नशीले पदार्थों के सेवन के बाद वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
सात दिन का दिया गया था समय
यातायात पुलिस द्वारा ऑटो चालकों को निर्धारित ड्रेस कोड अपनाने के लिए पहले ही सात दिन का समय दिया गया था। इसके बावजूद नियमों का पालन नहीं करने वाले चालकों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की गई। अधिकारियों का कहना है कि आगे भी यह अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।











