नकटी गांव तोड़फोड़ पर कांग्रेस का बड़ा फैसला, CM के पुतले दहन के दिए निर्देश

रायपुर जिले के नकटी गांव में कअतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान 85 मकानों को तोड़े जाने के मुद्दे पर कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। कांग्रेस प्रदेश भर में सीएम साय का पुतला दहन करेगी।
कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार ने वर्षाकाल के दौरान कार्रवाई कर दर्जनों परिवारों को बेघर कर दिया। पार्टी का कहना है कि बरसात के मौसम में लोगों के आशियाने उजाड़ना अमानवीय है और इससे प्रभावित परिवारों के सामने रहने और आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
सरकार गरीबों के आशियाने उजाड़ रही
दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर ग्रामवासियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गरीबों के आशियाने उजाड़ रही है, जबकि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले को सड़क से सदन तक उठाएगी।
कांग्रेस विधायक ने भी सीएम को लिखा पत्र
प्रदेश कांग्रेस के अनुसार, पार्टी के विधायकों ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर नकटी गांव के प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की है। पत्र में गरीबों के घर तोड़ने की कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए पुनर्वास की समुचित व्यवस्था किए बिना किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं करने का आग्रह किया गया है।
कांग्रेस ने कहा कि जब तक प्रभावित परिवारों को न्याय और उचित पुनर्वास नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। पार्टी ने अपने सभी जिला और ब्लॉक पदाधिकारियों को आंदोलन की तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। कांग्रेस का कहना है कि जिला मुख्यालयों में होने वाले प्रदर्शन के माध्यम से सरकार पर दबाव बनाया जाएगा, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत और न्याय मिल सके।








