लंबित भुगतान को लेकर रायपुर में ठेकेदारों का हल्ला बोल, निर्माण कार्य बंद करने की चेतावनी

रायपुर। जल जीवन मिशन और अन्य निर्माण कार्यों के लंबित भुगतान को लेकर आज राजधानी रायपुर में प्रदेशभर के ठेकेदार बड़ा विरोध प्रदर्शन करने जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ ठेकेदार संघ के बैनर तले आयोजित इस आंदोलन में विभिन्न जिलों से सैकड़ों ठेकेदार और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। प्रदर्शन के दौरान नीर भवन का घेराव कर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा

लंबित भुगतान और अफसरशाही के खिलाफ नाराजगी

ठेकेदार संघ का कहना है कि जल जीवन मिशन सहित कई विभागों के निर्माण कार्यों का भुगतान लंबे समय से अटका हुआ है। बार-बार मांग उठाने के बावजूद समाधान नहीं होने से ठेकेदार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। संघ ने लंबित भुगतान जल्द जारी करने, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने और निर्माण कार्यों से जुड़ी अन्य समस्याओं के निराकरण की मांग की है।

सरकार को दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी

संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि सरकार की ओर से जल्द कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशभर में निर्माण कार्य पूरी तरह बंद कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही चरणबद्ध आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

यातायात व्यवस्था में बदलाव, लोगों से सहयोग की अपील

प्रदर्शन को देखते हुए रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक काली मंदिर तिराहा, कबीर चौक और पीडब्ल्यूडी चौक के आसपास यातायात का दबाव अधिक रहने की संभावना है। पुलिस ने आम नागरिकों से इन मार्गों से बचने और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील की है, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com