लॉक अप 2 में शिल्पा शिंदे की धमाकेदार एंट्री, पहले ही दिन बदले घर के समीकरण

रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ में पहली वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के रूप में अभिनेत्री शिल्पा शिंदे की एंट्री ने शो का माहौल पूरी तरह बदल दिया है। उनके आते ही घर में पहले से बने ग्रुपों के बीच हलचल मच गई और कैदियों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। शो के नए एपिसोड में शिल्पा ने साफ कर दिया कि वह किसी भी ग्रुप का हिस्सा बनने के बजाय अपना खेल अपने दम पर खेलेंगी।
शो में प्रवेश से पहले जारी प्रोमो में शिल्पा शिंदे ने चुनौती भरे अंदाज में कहा था कि घर के अंदर बने सभी समीकरण उनकी एंट्री के बाद बदल जाएंगे। उनकी मौजूदगी से पहले से एकजुट होकर खेल रहे प्रतियोगियों की रणनीति पर भी असर पड़ता दिखाई दिया।
शो में विवाद की शुरुआत जेल में मिलने वाले खाने को लेकर हुई। कुछ प्रतियोगियों ने भोजन को लेकर आपत्ति जताई, जिसके बाद होस्ट रितेश देशमुख ने सभी को फटकार लगाते हुए कहा कि शो में तय नियमों के अनुसार सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
खाने को लेकर शुरू हुई बहस के दौरान शिल्पा शिंदे की कई प्रतियोगियों से तीखी बहस भी हुई। आकांक्षा चमोला के साथ उनकी कहासुनी हुई, जबकि शिवांगी जोशी ने उनके तेज बोलने के अंदाज पर सवाल उठाया। इसके जवाब में शिल्पा ने दो टूक कहा कि उनका व्यक्तित्व अलग है और वह किसी के अनुसार खुद को बदलने वाली नहीं हैं।
शिल्पा शिंदे ने घर के सदस्यों को यह भी चुनौती दी कि यदि कोई समूह बनाकर खेलना चाहता है तो खेले, लेकिन वह अकेले ही मुकाबला करेंगी। उनकी इस बेबाक शैली ने शो में नए समीकरण और टकराव की शुरुआत कर दी है। अब दर्शकों की नजर इस बात पर रहेगी कि आने वाले एपिसोड में शिल्पा शिंदे की मौजूदगी खेल को किस दिशा में ले जाती है।











