वीकेंड पर चमकी ‘ऐल्फा’, तीन दिन में 58.80 करोड़ की कमाई के साथ बजट रिकवरी की ओर बढ़ी फिल्म

आलिया भट्ट और शरवरी वाघ स्टारर फिल्म ‘ऐल्फा’ ने रिलीज के पहले वीकेंड में बॉक्स ऑफिस पर मजबूत प्रदर्शन किया है। मिश्रित समीक्षाओं और आलोचनाओं के बावजूद फिल्म ने तीन दिनों में घरेलू और विदेशी बाजारों में अच्छी कमाई दर्ज कराई है। पहले रविवार को फिल्म ने 13.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जिससे शुरुआती तीन दिनों की घरेलू नेट कमाई 34 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।

बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने पहले दिन 9.25 करोड़ रुपये और दूसरे दिन 11.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। वहीं, तीन दिनों में इसका घरेलू ग्रॉस कलेक्शन 40.80 करोड़ रुपये रहा। विदेशी बाजार में भी फिल्म को अच्छा प्रतिसाद मिला है, जहां पहले वीकेंड में 18 करोड़ रुपये की कमाई हुई। इस तरह फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 58.80 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

बताया जा रहा है कि फिल्म का अनुमानित बजट 120 से 130 करोड़ रुपये के बीच है। ऐसे में पहले तीन दिनों में फिल्म अपने बजट का लगभग आधा हिस्सा वसूलने में सफल रही है। अब फिल्म की असली परीक्षा वीकडेज में होगी, जहां सोमवार से गुरुवार तक की कमाई इसके आगे के बॉक्स ऑफिस सफर को तय करेगी।

फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी वाघ दमदार एक्शन अवतार में नजर आ रही हैं। उनके साथ बॉबी देओल और अनिल कपूर भी अहम भूमिकाओं में हैं। महिला प्रधान एक्शन फिल्म होने के कारण ‘ऐल्फा’ को दर्शकों के बीच अलग पहचान मिली है और पहले वीकेंड के प्रदर्शन ने इसके आगे के कारोबार को लेकर उम्मीदें बढ़ा दी हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com