राजनांदगांव पुलिस रेंज में नई कमान: आईजी अजय यादव ने संभाला कार्यभार, कानून व्यवस्था सुधारने पर रहेगा फोकस

राजनांदगांव। राजनांदगांव पुलिस रेंज को नया नेतृत्व मिल गया है। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी अजय यादव ने सोमवार को पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) के रूप में पदभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों के पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक कर कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की रणनीति पर चर्चा की।

बैठक के दौरान आईजी अजय यादव ने स्पष्ट किया कि रेंज में बेसिक पुलिसिंग को मजबूत करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि अपराधों के त्वरित अनुसंधान, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। विशेष रूप से अवैध शराब, सट्टा और जुए के कारोबार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

आईजी ने यह भी कहा कि पुलिस विभाग में किसी भी प्रकार की मिलीभगत या लापरवाही को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी भी स्तर पर पुलिसकर्मियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि रेंज के सभी जिलों की कानून व्यवस्था, अपराध के स्वरूप और स्थानीय चुनौतियों का अध्ययन किया जा रहा है। आने वाले दिनों में वे स्वयं जिलों का दौरा कर पुलिस व्यवस्था की समीक्षा करेंगे और प्रत्येक जिले की आवश्यकताओं के अनुरूप पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com