रायपुर में कारोबारी को ब्लैकमेल करने के आरोप में दो युवतियां गिरफ्तार, झूठे केस की धमकी देकर की थी उगाही

राजधानी रायपुर में एक कारोबारी को कथित तौर पर हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने और रुपये वसूलने के आरोप में सिविल लाइन पुलिस ने दो युवतियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक ब्यूटी पार्लर संचालिका और दूसरी कॉलेज की छात्रा शामिल है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार कारोबारी जयंत चौधरी ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि मई 2026 में उनकी मुलाकात नित्या सिंह और पायल उर्फ आंचल तिवारी से हुई थी। इसके बाद दोनों युवतियां नौकरी और ब्यूटी पार्लर खोलने के नाम पर उनसे लगातार पैसों की मांग करने लगीं।
शिकायत के मुताबिक 14 जून को दोनों युवतियों ने कारोबारी को मिलने बुलाया। आरोप है कि मुलाकात के दौरान कारोबारी को नशीली सिगरेट पिलाई गई। तबीयत बिगड़ने पर उसे घर पहुंचाने के बहाने उसके साथ फोटो और वीडियो बनाए गए। इसके बाद कथित रूप से उन्हीं फोटो-वीडियो के आधार पर झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देकर पैसे मांगने शुरू कर दिए गए।
कारोबारी ने बताया कि बदनामी के डर से उन्होंने 25 जून को 25 हजार रुपये नकद दिए। इसके बावजूद आरोपियों की मांग लगातार बढ़ती रही। शिकायत के अनुसार 1 जुलाई को दोनों युवतियां कारोबारी के कार्यालय के बेसमेंट तक पहुंच गईं और उसकी कार से रुपयों से भरा बैग निकालने का प्रयास किया। वहीं 10 जुलाई को वे कार्यालय के भीतर पहुंचीं और कर्मचारियों के सामने गाली-गलौज करते हुए दोबारा बड़ी रकम नहीं देने पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने की धमकी दी।
कारोबारी की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने ब्लैकमेलिंग और अवैध उगाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
सहायक पुलिस आयुक्त रमाकांत साहू ने बताया कि शिकायत और जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर दोनों युवतियों की गिरफ्तारी की गई है। मामले की आगे की जांच जारी है।











