“स्टोर लॉन्च इवेंट में जरीन खान का फूटा गुस्सा, पैपराजी को लगाई मर्यादा की सीख”

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री जरीन खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं बल्कि पैपराजी के साथ हुई बातचीत है। एक स्टोर लॉन्च इवेंट के दौरान उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक पैपराजी की टिप्पणी पर नाराज होती नजर आ रही हैं।
दरअसल, इवेंट में जरीन खान कैमरे के सामने एक ड्रेस हाथ में लेकर पोज दे रही थीं। इसी दौरान एक पैपराजी ने उनसे मजाकिया अंदाज में उस ड्रेस को पहनकर दिखाने की बात कही। इस पर जरीन ने पहले मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “तुम लोगों के सामने? वो नहीं हो रहा।” लेकिन जब टिप्पणी आगे बढ़ी तो उन्होंने सख्त लहजे में कहा, “मेरे साथ फालतूगिरी की बातें मत किया करो, क्योंकि मैं ऐसी बातें बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करूंगी। सब लोग अपनी हद में रहो।”
यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई लोगों ने जरीन खान के जवाब का समर्थन करते हुए कहा कि किसी भी कलाकार के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए और पैपराजी को भी अपनी मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।
इसी दौरान जरीन खान ने फिल्मों से दूरी बनाने की वजह का भी खुलासा किया। उन्होंने बताया कि उनकी मां लंबे समय से बीमार थीं और उनका अधिकांश समय उनकी देखभाल में बीता। अप्रैल में मां के निधन के बाद वह मानसिक रूप से काफी प्रभावित रहीं, इसलिए काम पर ध्यान नहीं दे सकीं।
हालांकि, जरीन ने कहा कि फिलहाल उनके पास बड़े पर्दे का कोई नया प्रोजेक्ट नहीं है, लेकिन वह ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अच्छे और दमदार किरदारों का हिस्सा बनना चाहती हैं। उनका कहना है कि वह ऐसे प्रोजेक्ट्स में काम करना चाहती हैं, जहां उन्हें सिर्फ खूबसूरत चेहरे के बजाय अपनी अभिनय क्षमता दिखाने का अवसर मिले।











