ऑटो में रखे बैग से लाखों के गहने गायब: CCTV में चोरी करता दिखा चालक, शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में ऑटो रिक्शा में बैग छोड़ना एक महिला को भारी पड़ गया। बैग में रखे लाखों रुपये के सोने के जेवर चोरी हो गए। पीड़िता की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने ऑटो चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम बुंदेला निवासी भगवती कौशिक (29) ने बताया कि 15 जुलाई को वह अपनी बड़ी बहन और बुआ के साथ ऑटो से अमेरी जा रही थीं। रास्ते में चकरभाठा स्थित ओम साईराम ज्वेलर्स के सामने ऑटो चालक गेदराम निराला ने बैग ऑटो में ही छोड़ने की सलाह दी। इसके बाद तीनों कृष्णा सोसायटी में खरीदारी करने चली गईं।

करीब डेढ़ घंटे बाद वे वापस लौटीं और उसी ऑटो से अमेरी पहुंच गईं। अगले दिन बैग की जांच करने पर उसमें रखा करीब 15 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र, ईयर रिंग और चोकर माला गायब मिले। जेवरों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

CCTV में कैद हुई वारदात

पीड़िता का आरोप है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर ऑटो चालक उनकी गैरमौजूदगी में बैग से जेवर निकालते हुए दिखाई दिया। जब उससे पूछताछ की गई तो उसने पहले टालमटोल की, लेकिन बाद में जेवर वापस करने का आश्वासन दिया।

सरपंच प्रतिनिधि के सामने कबूला जुर्म

शिकायत के अनुसार, आरोपी ने गांव के सरपंच प्रतिनिधि के सामने चोरी की बात स्वीकार करते हुए जेवर लौटाने के बजाय नकद रुपये या दूसरे गहने देने की पेशकश की। बाद में वह बैंक से पैसे निकालने का बहाना बनाकर पीड़िता को अपने एक रिश्तेदार के घर ले गया और मौका मिलते ही छत के रास्ते फरार हो गया।

पुलिस कर रही जांच

चकरभाठा थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी ऑटो चालक के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com