लक्ष्मी नगर में बनेगा आधुनिक स्काईवॉक… दिल्ली सरकार ने तेज किए विकास कार्य

दिल्ली सरकार के सरकार आपके द्वार अभियान के तहत लोक निर्माण एवं जल मंत्री परवेश साहिब सिंह ने शनिवार को पूर्वी दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों का व्यापक दौरा कर विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान उनके साथ मुख्य सचेतक और लक्ष्मी नगर के विधायक अभय वर्मा, पटपड़गंज के विधायक रविंद्र सिंह नेगी, त्रिलोकपुरी के विधायक रविकांत तथा शाहदरा के विधायक संजय गोयल, वरिष्ठ अधिकारी, इंजीनियर एवं जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे.
मंत्री ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की, स्थानीय नागरिकों से संवाद किया तथा वर्षों से लंबित नागरिक समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया.
मंत्री ने झिलमिल अंडरपास का किया दौरा
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने पटपड़गंज हाईवे और झिलमिल अंडरपास का दौरा किया, जो लंबे समय से मानसून के दौरान जलभराव के प्रमुख स्थलों के रूप में जाने जाते रहे हैं. इस अवसर पर परवेश साहिब सिंह ने कहा कि मिंटो ब्रिज के बाद यदि दिल्ली में किसी स्थान की तस्वीरें और वीडियो हर बारिश में सबसे अधिक दिखाई देते थे, तो वह पटपड़गंज का यही इलाका था, जहां पानी में डूबी बसों की तस्वीरें आम बात बन गई थीं.
उन्होंने कहा कि सुनियोजित कार्ययोजना, विभिन्न विभागों के बेहतर समन्वय और लगातार निगरानी के कारण आज यहां उल्लेखनीय परिवर्तन देखने को मिल रहा है. निरीक्षण के दौरान उन्होंने जल निकासी व्यवस्था, ड्रेनों की सफाई तथा जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए किए गए विभिन्न इंजीनियरिंग कार्यों की समीक्षा की.
स्थानीय नागरिकों और अधिकारियों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि पिछले 10, 15 और यहां तक कि 20 वर्षों से लंबित विकास कार्यों को अब लोक निर्माण विभाग (PWD), दिल्ली जल बोर्ड (DJB), सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग तथा अन्य इंजीनियरिंग एजेंसियां मिशन मोड में तेजी से पूरा कर रही हैं. उन्होंने कहा कि इस बदलाव में स्थानीय विधायकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है, जो लगातार जनता की समस्याओं और सुझावों को सरकार तक पहुंचा रहे हैं.
लक्ष्मी नगर चौराहे पर बनेगा आधुनिक स्काईवॉक
मंत्री ने घोषणा की कि लक्ष्मी नगर के व्यस्त चौराहे पर जल्द ही एक आधुनिक स्काईवॉक का निर्माण किया जाएगा, जिससे पैदल यात्रियों की सुरक्षा बढ़ेगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी.
निरीक्षण के दौरान विभिन्न विधायकों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में प्रीकास्ट स्टॉर्म वॉटर ड्रेन के निर्माण की आवश्यकता भी रखी। इस पर मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार जल निकासी व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रीकास्ट ड्रेन तकनीक का तेजी से विस्तार कर रही है. यह तकनीक कम समय में बेहतर गुणवत्ता के साथ निर्माण सुनिश्चित करती है और वर्षा जल निकासी की क्षमता को भी प्रभावी बनाती है. स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए स्थायी समाधान की दिशा में सरकार के प्रयासों पर संतोष व्यक्त किया.











