‘मौत का चूल्हा’ बना कोयले का धुआं, रांची में दम घुटने से मां और ढाई साल के बेटे की मौत

Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची में कोयले के चूल्हे से उठे जहरीले धुएं ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं. रातू थाना क्षेत्र के चटकपुर इलाके में शुक्रवार रात कमरे के भीतर जलते कोयले के चूल्हे से निकली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस के कारण दम घुटने से एक महिला और उसके ढाई वर्षीय बेटे की दर्दनाक मौत हो गई. वहीं, महिला की मासूम बेटी और ननद गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही हैं.

जानकारी के अनुसार, पिंकी देवी अपने दो बच्चों और ननद के साथ चटकपुर स्थित एक किराए के मकान में रहती थीं. शुक्रवार रात उन्होंने कोयले के चूल्हे पर खाना बनाया. खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य कमरे में सो गए, लेकिन जल्दबाजी में जलता हुआ चूल्हा कमरे से बाहर निकालना भूल गए. इसके बाद कमरा बंद कर सभी सो गए.

शनिवार सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई. स्थानीय लोगों ने किसी तरह दरवाजा खोला तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए. कमरे में पिंकी देवी, उनके दोनों बच्चे और ननद बेहोशी की हालत में पड़े थे. सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद पिंकी देवी और उनके करीब ढाई साल के बेटे को मृत घोषित कर दिया.

इस हादसे में महिला की करीब साढ़े तीन साल की बेटी और ननद की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है. दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है और डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं.

वेंटिलेशन नहीं होने की वजह से गई जान

घटना की सूचना मिलते ही रातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. प्रारंभिक जांच में पुलिस को कमरे से कोयले का चूल्हा मिला है. पुलिस का मानना है कि कमरे में पर्याप्त वेंटिलेशन नहीं होने के कारण कोयले से निकली जहरीली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस कमरे में भर गई, जिससे चारों लोग बेहोश हो गए. दम घुटने के कारण मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर हो गई.

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है और मामले की जांच जारी है. यह हादसा एक बार फिर बंद कमरे में कोयले का चूल्हा या अंगीठी जलाकर सोने के खतरे की गंभीर चेतावनी बनकर सामने आया है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com