सोनम वांगचुक के समर्थन में फिंगेश्वर में मानव श्रृंखला, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के नेतृत्व में सोमवार को सोनम वांगचुक के समर्थन में मानव श्रृंखला बनाकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार फिंगेश्वर को ज्ञापन सौंपते हुए केंद्र सरकार से मामले में तत्काल संज्ञान लेने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सोनम वांगचुक के लोकतांत्रिक आंदोलन को बलपूर्वक दबाने का प्रयास किया गया है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने मांग की कि सरकार संवाद के माध्यम से इस मुद्दे का समाधान निकाले।
इस दौरान संगठन ने नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं और शिक्षा व्यवस्था में कथित भ्रष्टाचार पर भी चिंता जताई। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षा का बढ़ता बाजारीकरण और लगातार सामने आ रहे परीक्षा घोटाले छात्रों के भविष्य के साथ-साथ देश की शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। उन्होंने सरकार से शिक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।











