बस्तर में पहली बार ब्रेन डीएसए जांच सफल, पैरालिसिस मरीज के इलाज को मिली नई दिशा

बस्तर क्षेत्र में उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। डिमरापाल स्थित कॉन्टिनेंटल छत्तीसगढ़ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल (सीसीएसएच) में पहली बार मस्तिष्क की डिजिटल सब्सट्रैक्शन एंजियोग्राफी (डीएसए) जांच सफलतापूर्वक की गई। इस जांच की मदद से पैरालिसिस से पीड़ित एक महिला मरीज के मस्तिष्क की रक्त वाहिकाओं की वास्तविक स्थिति का पता लगाया गया, जिससे उसके इलाज को नई दिशा मिली है।

जानकारी के अनुसार बस्तर ब्लॉक के बड़े आलनार निवासी सुमित्रा नेताम को पैरालिसिस की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने उनकी स्थिति का मूल्यांकन करने के बाद ब्रेन डीएसए जांच कराने का निर्णय लिया। अस्पताल में हाल ही में शुरू किए गए कैथलैब में यह जटिल जांच सफलतापूर्वक पूरी की गई।

इस प्रक्रिया को हैदराबाद के कॉन्टिनेंटल हॉस्पिटल के वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ. ऋषिकेश सरकार और सीसीएसएच के न्यूरोसर्जन डॉ. पवन बृज ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया। वहीं क्रिटिकल केयर कार्डियोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. सौरभ कुमार सहित अन्य चिकित्सकों की टीम भी पूरी प्रक्रिया में शामिल रही।

परिजनों ने बताया कि सुमित्रा नेताम को पहले नियमित जांच के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया था, जहां अचानक उन्हें पैरालिसिस का अटैक आया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल सीसीएसएच में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया।

डॉ. पवन बृज ने बताया कि मरीज की डिकम्प्रेसिव क्रेनियोटॉमी सहित आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रियाएं की गईं। उन्होंने कहा कि पहले बस्तर क्षेत्र में ब्रेन डीएसए जैसी अत्याधुनिक जांच की सुविधा उपलब्ध नहीं थी, लेकिन कैथलैब शुरू होने के बाद अब जटिल न्यूरोलॉजिकल बीमारियों की जांच और उपचार स्थानीय स्तर पर संभव हो गया है।

चिकित्सकों के अनुसार डीएसए जांच के बाद मरीज की बीमारी के वास्तविक कारणों की सटीक पहचान हो सकी, जिसके आधार पर उपचार किया जा रहा है। फिलहाल मरीज की हालत में लगातार सुधार हो रहा है और वह चिकित्सकीय निगरानी में है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि इस उपलब्धि से बस्तर संभाग के गंभीर न्यूरोलॉजिकल मरीजों को अब उन्नत जांच और उपचार के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे समय पर इलाज मिलने के साथ मरीजों का समय और खर्च दोनों बच सकेंगे।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com