कोरबा में अवैध लकड़ी तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9 लाख की इमारती लकड़ी और क्रेन जब्त

कोरबा में बेशकीमती इमारती लकड़ी की चोरी और अवैध परिवहन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 9 लाख रुपये मूल्य की लकड़ी और परिवहन में इस्तेमाल की गई क्रेन जब्त की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, वन परिक्षेत्र अधिकारी की शिकायत पर सिविल लाइन रामपुर थाना में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सीएसईबी रामपुर स्थित जूनियर क्लब के पास राजस्व भूमि पर बिना अनुमति सात पेड़ों की कटाई कर उनकी लकड़ी अवैध रूप से ले जाई गई।

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और दस्तावेजों के आधार पर यह सामने आया कि चोरी की लकड़ी को कोरबा से रायपुर-अभनपुर तक पहुंचाया गया था। इसके बाद प्रदेश स्तर पर गठित संयुक्त जांच दल ने कार्रवाई करते हुए करीब 20.169 घन मीटर इमारती लकड़ी और उसे ढोने में प्रयुक्त क्रेन को जब्त किया।

पुलिस ने इस मामले में आरोपी सुनील कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अवैध लकड़ी तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com