पंजाब के किसानों का दिल्ली मार्च स्थगित, सरकार के आश्वासन के बाद बनी सहमति

अमेरिका-भारत के बीच ट्रेड डील के विरोध पंजाब के किसानों का मंगलवार को आयोजित दिल्ली कूच स्थगित हो गया. दोपहर 3 बजे बाद किसान शंभू बॉर्डर से वापस लौटने लगे. हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के साथ किसान नेता सरवन सिंह पंधेर और अन्य किसान नेताओं की बैठक के बाद बनी सहमति के बाद पंजाब से आये किसानों ने वापस जाना शुरू कर दिया.
दिल्ली-जालंधर राष्ट्रीय राजमार्ग किसानों की बसों और वाहनों के नेशनल हाईवे से हटने के बाद जल्द ही खोल दिया जाएगा. इससे पहले किसान संगठनों के नेताओं की किसान नेता सरवन सिंह पंधेर की अगुवाई में हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा से बैठक हुई.
सरवन सिंह पंधेर ने बैठक के बाद कहा कि हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम राणा ने हमें ट्रेड डील के मुद्दे पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान से बातचीत कराने का आश्वासन दिया है.
उन्होंने कहा कि हमने हरियाणा के किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी समेत गिरफ्तार किए गए दूसरे नेताओं की जल्द रिहाई की मांग भी की है. हमारी दोनों मांगे मान ली हैं अब हम अपने नेताओं से बातचीत करके आगे का फैसला लेंगे.
सरकार ने मानी किसानों की मांग
किसान नेता दिलबाग सिंह दिराजके ने बताया कि हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा से मुलाकात हुई. बैठक में गिरफ्तार किसान नेताओं की रिहाई और केंद्र सरकार से मुलाकात की मांग रखी गई. दोनों मांगों पर सहमति बन गई है. इसलिए, विरोध प्रदर्शन को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है.
किसान सुबह से ही पटियाला और अंबाला के बीच शंभू सीमा और संगरूर और जिंद के बीच खानौरी सीमा पर दिल्ली स्थित किसान घाट जाने के लिए पहुंच गए थे. सूचना मिलते ही हरियाणा पुलिस ने दोनों सीमाओं पर बैरिकेड लगाकर उन्हें सील कर दिया. इससे किसानों को आगे बढ़ने से रोक दिया गया. हरियाणा की ओर से दोनों सीमाओं पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया. वहां किसी भी प्रकार के अस्थायी या स्थायी निर्माण को रोकने के लिए जेसीबी मशीनें भी तैनात की गईं.
अंबाला पुलिस ने लागू की धारा 163
यह देखकर पंजाब के किसान वहीं बैठ गए. स्थिति को देखते हुए वहां स्थायी विरोध प्रदर्शन करने की तैयारी की जा रही थी. किसान मजदूर मोर्चा के संयोजक सरवन पंधेर ने इसका नेतृत्व किया. किसानों की भीड़ को देखते हुए अंबाला पुलिस ने धारा 163 लागू कर दी.
किसानों को बैरिकेड से 100 मीटर दूर रहने की चेतावनी दी गई है. इस बीच, शंभू सीमा बंद होने के कारण जालंधर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात ठप्प हो गया है. इसे देखते हुए हरियाणा पुलिस ने यातायात को डायवर्ट कर दिया है. पुलिस ने कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में 112 पर कॉल करें.
किसानों के आंदोलन के कारण एनएच-44 (जीटी रोड) पर स्थित हरियाणा-पंजाब शंभू सीमा 13 महीनों तक बंद रही. 13 फरवरी, 2024 को सील किए जाने के बाद, इसे उच्च न्यायालय के आदेश पर 20 मार्च, 2025 को फिर से खोला गया था। अब इसे दोबारा बंद कर दिया गया है.











