नरसापुर में खुले बिजली तार ने ली भैंस की जान, ग्रामीणों ने विभाग की लापरवाही पर उठाए सवाल

बीजापुर जिले के उसूर ब्लॉक के नरसापुर गांव में बुधवार शाम करीब 5:50 बजे जमीन पर पड़े बिजली के तार की चपेट में आने से एक भैंस की मौत हो गई। भैंस सन्ना मोड़ीयम (36) की थी। करंट लगते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जिससे किसान को आर्थिक नुकसान हुआ।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली का तार कई दिनों से जमीन पर पड़ा था। इसकी जानकारी पहले ही विद्युत विभाग को दी गई थी, लेकिन समय रहते मरम्मत नहीं की गई।
जनपद सदस्य ने क्या कहा
तरेम क्षेत्र के जनपद सदस्य मनोज अवलम ने बताया कि उन्होंने 20 तारीख को ही विद्युत विभाग के जेई को नरसापुर में जमीन पर पड़े तार की सूचना दी थी। इसके बावजूद विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि तार अब भी जमीन पर पड़ा है, जिससे लोगों और मवेशियों की जान को खतरा बना हुआ है।
बड़े हादसे की आशंका
ग्रामीणों ने कहा कि अगर भैंस की जगह कोई व्यक्ति इस खुले तार की चपेट में आ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने राजस्व और विद्युत विभाग को घटना की सूचना देकर इलाके में पड़े सभी खतरनाक बिजली के तारों को तत्काल ठीक करने की मांग की है।
बारिश से बढ़ीं दूसरी परेशानियां
बारिश के चलते तालपेरू नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे क्षेत्र में आवागमन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में बिजली, सड़क और आवाजाही जैसी बुनियादी समस्याएं हर साल गंभीर हो जाती हैं।











