स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम घोटाला: ईओडब्ल्यू की 7 ठिकानों पर छापेमारी, अहम दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जब्त

स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत स्वास्थ्य शिक्षा एवं जनजागरूकता कार्यक्रम में हुए कथित करोड़ों रुपये के घोटाले की जांच में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को ईओडब्ल्यू की टीम ने बिलासपुर, धमतरी और बलौदाबाजार-भाटापारा जिलों में स्थित सात ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर सर्च अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, फाइलें और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं।
जांच एजेंसी के अनुसार यह मामला वित्तीय वर्ष 2005-06 और 2006-07 से जुड़ा है। उस समय राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (एनआरएचएम) और रिप्रोडक्टिव चाइल्ड हेल्थ (आरसीएच) योजना के तहत संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं को प्राप्त राशि से लोक कला जत्थों के माध्यम से तत्कालीन 16 जिलों में स्वास्थ्य शिक्षा और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने थे।
आरोप है कि इन कार्यक्रमों के नाम पर सरकारी राशि का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग किया गया, जिससे शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचा। इसी मामले में ईओडब्ल्यू ने फर्जीवाड़े और भ्रष्टाचार से संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।
ईओडब्ल्यू अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी के दौरान जब्त किए गए दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी सहित अन्य कदम उठाए जाएंगे।











