वर्धा में बारिश बनी मुसीबत, अधूरे निर्माण और खराब जल निकासी पर उठे सवाल

वर्धा शहर में शुक्रवार को हुई बारिश के चलते कई मार्गों पर जलभराव देखने मिला, अधूरे विकासकार्य तथा निर्माणकार्य में खामियां रहने का आरोप इस दौरान हो रहा है। जलभराव के कारण नागरिकों को अत्याधिक परेशानी का सामना करना पड़ा है।
सबसे अधिक जलभराव जामा मस्जिद के सामने वाले मार्ग पर देखने को मिला। इतवारा की ओर से आने-जाने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन पानी में फंसते नजर आए, शुक्रवार होने के कारण मस्जिद में जुमे की नमाज के लिए पहुंचे लोगों को भी जलभराव के बीच होकर गुजरना पड़ा। कई बुजुर्ग और बच्चों को पानी में चलकर मस्जिद तक पहुंचना पड़ा, जिससे उन्हें काफी असुविधा हुई।
अधूरे निर्माण और खराब जल निकासी पर उठे सवाल
इसके अलावा इंगोले चौक, अष्टभुजा चौक और छत्रपति शिवाजी महाराज चौक सहित अन्य स्थानों पर भी सड़कों पर पानी जमा हो गया। कई जगह जल निकासी नहीं होने से बारिश का पानी लंबे समय तक सड़कों पर ठहरा रहा। इससे यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को जाम जैसी स्थिति का सामना करना पड़ा।
दोषपूर्ण निर्माण पर कार्रवाई की मांग
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हाल ही में कई सड़कों और नालियों के निर्माण व मरम्मत कार्य किए गए हैं, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पहली ही तेज बारिश में उनकी खामियां सामने आ गई। लोगों ने आरोप लगाया कि संबंधित विभागों ने बरसात से पहले नालों की सफाई और जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की।











