महाराष्ट्र TET पेपर लीक- मास्टरमाइंड बिहार से गिरफ्तार:आगरा प्रिंटिंग प्रेस से उड़ाया था प्रश्नपत्र, पटना के फ्लैट में की थी प्लानिंग

महाराष्ट्र TET (टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट) पेपर लीक के मुख्य आरोपी बिजेंद्र कुमार गुप्ता को भिवंडी पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। उसे पुणे एयरपोर्ट लाया गया है, जहां से उसे भिवंडी ले जाया जाएगा।

इससे पहले महाराष्ट्र की ठाणे पुलिस ने बिहार STF की मदद से मास्टरमाइंड बिजेंद्र गुप्ता की पत्नी सुमन गुप्ता को पटना के अगमकुआं (गांधी नगर) स्थित किराए के फ्लैट से गिरफ्तार किया था।

सुमन को ठाणे पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर महाराष्ट्र ले गई थी। इस अंतरराज्यीय रैकेट में अब तक बिजेंद्र के साथ 5 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। इससे पहले 27 जून को ठाणे के भिवंडी से पटना के राजीव शाह, आकाश कुमार और हरियाणा के धीरज सिंह को दबोचा गया था।

6 महीने से पेपर लीक की रच रहे थे साजिश

सूत्रों के मुताबिक, मास्टरमाइंड बिजेंद्र पिछले 6 महीने से इस पेपर लीक की साजिश रच रहा था। इसके लिए पटना के पश्चिमी बोरिंग कैनाल रोड स्थित आरोपी राजीव शाह के अपार्टमेंट में माफियाओं की कई दौर की गोपनीय बैठकें हुई थीं।

जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि बिजेंद्र ने इस बार महाराष्ट्र TET का प्रश्नपत्र सीधे आगरा के प्रिंटिंग प्रेस से उड़वाया था। प्रश्नपत्र के चारों सेट उसे यूपी के सोनू और अनूप ने सौंपे थे, जो उसी प्रिंटिंग प्रेस के स्टाफ बताए जाते हैं। अब पुलिस उसके खास सहयोगी सोनीपत के कपिल दहिया की तलाश में है।

ब्यूटी स्टूडियो में लाखों निवेश, 1 जुलाई को आना था पति को

पुलिस के मुताबिक, सुमन को बिजेंद्र के काले कारनामों की पूरी जानकारी थी और वह गिरोह को वित्तीय मदद भी पहुंचाती थी। पुलिस को शक है कि बिजेंद्र के करोड़ों के अवैध ट्रांजेक्शन की राजदार सुमन ही है।

बिजेंद्र ने पेपर लीक की कमाई से दिल्ली में फ्लैट और पटना में आलीशान मकान खरीदा है। वहीं, भूतनाथ रोड में सुमन के वीवीआईपी ब्यूटी स्टूडियो में भी लाखों रुपये इन्वेस्ट किए गए हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com