सम्राट सरकार के 100 दिन, रिपोर्ट कार्ड जारी किया:LNJP में 400 बेड अस्पताल का करेंगे शुभारंभ, 400 पीएम e-Bus; डीलक्स बसों को दिखाएंगे हरी झंडी

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज पटना में विकास और जनकल्याण से जुड़े कई कार्यक्रमों में भाग लें रहे हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने NDA सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर ₹11,464 करोड़ की कई विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री स्वास्थ्य, परिवहन और सुशासन से जुड़ी योजनाओं का भी शुभारंभ करेंगे।

मुख्यमंत्री सुबह 11:30 बजे BIT मेसरा, पटना कैंपस में आयोजित राज्यस्तरीय विकास उत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। सरकार इस अवसर पर अपने 100 दिनों के कार्यों का रिपोर्ट कार्ड भी प्रस्तुत किया।

सेवा, संकल्प, समर्पण के नारे के साथ NDA सरकार के 100 दिन पूरे होने पर सरकार ने अपनी उपलब्धियों का एक बुकलेट जारी किया है। इसके साथ ही उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए डिजिटल और प्रिंट प्रचार रथों को भी रवाना किया गया।

सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के आधुनिकीकरण और इपनी उपलब्धियों को जनता के सामने रखने पर विशेष जोर दे रही है।

100 दिनों की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड जारी

इसमें पंचायत स्तर पर चलाए गए ‘सहयोग’ कार्यक्रम के तहत 5.6 लाख से अधिक जन शिकायतों के निस्तारण, 551 मॉडल स्कूलों और 211 नए डिग्री कॉलेजों के संचालन, कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ‘पुलिस दीदी’ विंग की शुरुआत और थानों को नए वाहन उपलब्ध कराने जैसी उपलब्धियों को प्रमुखता से रखा गया।

इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में हर महीने की 10 तारीख को ‘बिहार पेंशन दिवस’ घोषित कर लगभग 97 लाख लाभार्थियों के खातों में सीधे पेंशन राशि भेजने की व्यवस्था को भी सरकार ने अपनी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया है।

सरकार के 100 दिन पूरे होने पर जनता को बधाई दिया

इस दौरान उन्होंने NDA सरकार के 100 दिन पूरे होने पर बिहार की जनता को बधाई दिया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के कार्यों का नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। दोनों नेताओं ने विकसित बिहार की जो कल्पना की थी, उसी दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘सरकार के शुरुआती 15 दिनों में लोग उन्हें बधाई देने आते थे, लेकिन उसके बाद बड़ी संख्या में अपनी समस्याओं के आवेदन लेकर आने लगे। इसे देखते हुए उन्होंने “सहयोग शिविर” की व्यवस्था शुरू की और पूरी प्रक्रिया को डिजिटल बनाया गया।’

सात लाख आवेदन मिले, 90 प्रतिशत मामलों का निष्पादन किया- सम्राट चौधरी

मुख्यमंत्री ने बतायास ‘अब तक करीब सात लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें लगभग 90 प्रतिशत मामलों का निष्पादन किया जा चुका है। प्रत्येक महीने के पहले मंगलवार को पूरे राज्य में सहयोग शिविर लगाए जाते हैं और दूसरे मंगलवार को वह स्वयं बैठकर प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हैं।’

सम्राट चौधरी ने कहा, ‘राज्य सरकार का प्रत्येक विभाग जनता के कल्याण के लिए बड़े पैमाने पर कार्य कर रहा है और आने वाले पांच वर्षों में विभिन्न योजनाओं पर ₹52 करोड़ खर्च किए जाएंगे।’

उन्होंने घोषणा की कि पूरे बिहार में एक करोड़ लोगों को राशन कार्ड से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियों को गिनाया

शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘अब तक 211 डिग्री कॉलेज खोलने का काम किया गया है। अगले पांच वर्षों में ऐसा वातावरण तैयार किया जाएगा कि बिहार के हर बच्चे को राज्य में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

उन्होंने बताया कि राज्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की पढ़ाई भी शुरू कर दी गई है तथा जननायक कर्पूरी ठाकुर के नाम पर एक शोध संस्थान की स्थापना की जाएगी।

विक्रमशिला विश्वविद्यालय के पुनर्जीवन का जिक्र

मुख्यमंत्री ने विक्रमशिला विश्वविद्यालय के पुनर्जीवन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, ‘जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नालंदा विश्वविद्यालय की विरासत को पुनर्स्थापित करने आए थे, तब उन्होंने विक्रमशिला विश्वविद्यालय को भी उसी गौरव के साथ स्थापित करने की बात कही थी। इसी दिशा में राज्य सरकार ने विक्रमशिला विश्वविद्यालय के लिए 120 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई है, ताकि इसे विश्वस्तरीय शैक्षणिक संस्थान के रूप में विकसित किया जा सके।’

400 बेड के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन

मुख्यमंत्री सुबह 10:30 बजे राजवंशी नगर स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल पहुंचेंगे, जहां वे ₹215 करोड़ की लागत से निर्मित 400 बेड वाले ऑर्थोपेडिक एवं न्यूरो सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का लोकार्पण करेंगे।

यह अस्पताल आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस होगा। यहां विश्वस्तरीय मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, अत्याधुनिक आईसीयू, उन्नत रेडियोलॉजी विभाग, स्पोर्ट्स इंजरी सेंटर, आधुनिक फिजियोथेरेपी यूनिट, ट्रॉमा एवं इमरजेंसी सेवाएं उपलब्ध होंगी। मरीजों को एक ही परिसर में जांच से लेकर उपचार तक की समग्र सुविधा मिलेगी।

अस्पताल में एंट्री नहीं मिलने से मरीजों में नाराजगी

LNJP अस्पताल में दूर दराज से आए मरीजों को एंट्री नहीं मिलने से उनमें भारी नाराजगी है। सीएम सम्राट चौधरी के आने का हवाला दे कर उन्हें अंदर जाने से रोका गया है। कई मरीज घंटों धूप में बाहर खड़े हैं।

पटना रूपसपुर इलाके की रहने वाली प्रमिला देवी ने बताया, ‘पिछले 3 महीने अस्पताल का चक्कर लगा रही हूं। काफी दिनों के बाद आज सुबह 10 बजे के पहले बुलाया था, जबकि मैं सुबह समय से आधा घंटा पहले ही अस्पताल पहुंच गई, लेकिन एंट्री नहीं दी जा रही है।’

घंटों धूप में गेट के बाहर इंतज़ार कर रही- फरहानज

नौबतपुर इलाके की रहने वाली फरहानज गोद में मासूम बच्चे को लेकर घंटों धूप में गेट के बाहर इंतज़ार कर रही हैं। उन्होंने बताया, ‘पिछले एक महीने से ऑपरेशन के लिए दौड़ रही हूं। आज इसकी तारीख मिली थी। 10 बजे बुलाया गया, लेकिन समय से पहले पहुंचने पर भी एंट्री नहीं दी जा रही है। अब पिछले 1 घंटे से बच्चे को गोद में लेकर धूप में खड़ी हूं, लेकिन अंदर जाने नहीं दिया जा रहा है।’

400 PM e-Bus और डीलक्स बसों को दिखाएंगे हरी झंडी

इसके बाद मुख्यमंत्री सुबह 11:10 बजे वेटनरी कॉलेज ग्राउंड में परिवहन विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे 400 PM e-Bus (इलेक्ट्रिक बसें) और डीलक्स एसी और नॉन-एसी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

नई बसों में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए सीसीटीवी कैमरे, ई-टिकटिंग मशीन और जीपीएस आधारित ट्रैकिंग सिस्टम की व्यवस्था की गई है। बीएसआरटीसी मोबाइल ऐप के माध्यम से यात्री बसों की लाइव लोकेशन देख सकेंगे। महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सीट आरक्षित रहेंगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com