बर्थडे के जश्न के बीच दर्दनाक हादसा: शिवनाथ नदी में बह गए दो बच्चे, एक का शव बरामद, दूसरे को ढूंढ रही SDRF

दुर्ग, 25 जुलाई 2026। जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र के गनियारी स्थित शिवनाथ नदी में बर्थडे सेलिब्रेशन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जन्मदिन मनाने पहुंचे आठ दोस्तों में से दो बच्चे नदी में नहाने उतरे, लेकिन तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। सूचना मिलते ही पुलगांव थाना पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और देर शाम तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। शनिवार सुबह फिर से शुरू किए गए सर्च अभियान में एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे बच्चे की तलाश अब भी जारी है।
जानकारी के मुताबिक, दुर्ग के उरला निवासी आठ दोस्त शुक्रवार दोपहर जन्मदिन मनाने शिवनाथ नदी पहुंचे थे। बर्थडे सेलिब्रेशन के बाद शाम करीब 4 बजे 14 वर्षीय रेहान खान और 12 वर्षीय आरव नदी में नहाने के लिए उतरे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी और तेज बहाव में फंस गए और देखते ही देखते बह गए।
नदी किनारे मौजूद एक साथी ने दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण वह सफल नहीं हो सका। इसके बाद अन्य बच्चों ने परिजनों और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
शनिवार सुबह करीब 6 बजे से दोबारा विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया गया। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर रेहान खान का शव बरामद कर पुलिस को सौंप दिया गया। वहीं आरव की तलाश अब भी जारी है। पुलिस और SDRF की टीम लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।











