चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के लिए मौका, आईसीएआई के 65वें कैंपस प्लेसमेंट में 5339 वैकेंसी

चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने वाले युवाओं के लिए बड़ा अपडेट है. इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने 65वें कैंपस प्लेसमेंट प्रोग्राम 2026 की घोषणा कर दी है. इस बार 78 कंपनियों और संगठनों ने कुल 5,339 पदों पर भर्ती की पेशकश की है. मई 2026 में सीए फाइनल पास करने वाले हजारों उम्मीदवार इस प्लेसमेंट ड्राइव का हिस्सा बनेंगे. देशभर के 29 इंटरव्यू केंद्रों पर अगस्त और सितंबर के दौरान भर्ती प्रक्रिया आयोजित होगी. इस प्रोग्राम का उद्देश्य नए चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें करियर की मजबूत शुरुआत दिलाना है.
6,399 उम्मीदवारों ने कराया रजिस्ट्रेशन
आईसीएआई के अनुसार, मई 2026 में आयोजित सीए फाइनल परीक्षा में 7,931 अभ्यर्थी सफल हुए थे. इनमें से 6,399 उम्मीदवारों ने 65वें कैंपस प्लेसमेंट प्रोग्राम के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है. पहले चरण में 78 कंपनियों और संस्थानों ने 5,339 रिक्तियों की घोषणा की है. इस प्लेसमेंट अभियान के तहत नए चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को बैंकिंग, फाइनेंस, कंसल्टिंग, मैन्युफैक्चरिंग, आईटी और अन्य क्षेत्रों की प्रमुख कंपनियों में नौकरी पाने का मौका मिलेगा.
29 केंद्रों पर इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे
इंटरव्यू अगस्त और सितंबर 2026 के दौरान देश के 29 केंद्रों पर आयोजित किए जाएंगे. दिल्ली में इंटरव्यू 3 से 7 अगस्त, मुंबई और पुणे में 4 से 8 अगस्त, कोलकाता में 5 से 10 अगस्त तथा अहमदाबाद, बेंगलुरु और चेन्नई में 10 से 14 अगस्त तक होंगे. इसके अलावा हैदराबाद, जयपुर, नोएडा, ठाणे सहित कई अन्य शहरों में भी तय कार्यक्रम के अनुसार इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे.
पिछले प्लेसमेंट में मिला था 27.50 लाख रुपये तक का पैकेज
आईसीएआई के पिछले यानी 64वें कैंपस प्लेसमेंट प्रोग्राम में भी शानदार भागीदारी देखने को मिली थी. उस दौरान 183 कंपनियों और संगठनों ने भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया था और कुल 2,570 उम्मीदवारों को नौकरी के प्रस्ताव मिले थे. पिछले अभियान में सबसे अधिक वार्षिक सैलरी पैकेज 27.50 लाख रुपये रहा, जबकि औसत सालाना पैकेज 13 लाख रुपये था.
आईसीएआई का कहना है कि कैंपस प्लेसमेंट प्रोग्राम नियोक्ताओं और नए चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के लिए एक साझा और पारदर्शी मंच उपलब्ध कराता है. पूरी भर्ती प्रक्रिया तकनीक आधारित प्रणाली से संचालित की जाती है, जिससे उम्मीदवारों और कंपनियों दोनों को सुविधाजनक, व्यवस्थित और निष्पक्ष तरीके से चयन प्रक्रिया पूरी करने में मदद मिलती है.











