फर्जी पहचान बनाकर युवती को ब्लैकमेल करने वाली आरोपी गिरफ्तार: अश्लील वीडियो के नाम पर 10 लाख रुपए की मांग, कटनी से दबोची गई

बिलासपुर में फर्जी पहचान बनाकर एक युवती को प्रेमजाल में फंसाने, उसका अश्लील वीडियो बनवाकर ब्लैकमेल करने और 10 लाख रुपए की मांग करने का मामला सामने आया है। रकम नहीं मिलने पर आरोपी ने वीडियो पीड़िता के भाई के व्हाट्सएप पर भेज दिया। शिकायत के बाद तारबाहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर मध्य प्रदेश के कटनी से आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता के भाई ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी बहन से स्नेहा मोगरिया नाम की युवती लंबे समय से खुद को लड़का बताकर मोबाइल पर बातचीत करती थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच विश्वास कायम होने पर आरोपी ने साजिश के तहत पीड़िता पर दबाव बनाकर उसका अश्लील वीडियो बनवाया और अपने पास मंगवा लिया।

वीडियो मिलने के बाद आरोपी ने उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देते हुए 10 लाख रुपए की मांग की। जब पीड़िता ने पैसे देने से इनकार कर दिया तो आरोपी ने वीडियो उसके भाई के व्हाट्सएप नंबर पर भेज दिया।

शिकायतकर्ता ने बताया कि वीडियो देखकर वह स्तब्ध रह गया। उसने तुरंत वीडियो डिलीट कर दिया, लेकिन साक्ष्य के तौर पर उसका स्क्रीनशॉट सुरक्षित रख लिया और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी।

युवक ने यह भी बताया कि जिस समय वीडियो भेजा गया था, उसका पुराना मोबाइल गुम हो चुका था। बाद में उसी नंबर की सिम नए मोबाइल में चालू करने पर व्हाट्सएप में वीडियो भेजे जाने की जानकारी मिली।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश के कटनी जिले के शास्त्री नगर निवासी स्नेहा मोगरिया के रूप में की। इसके बाद पुलिस टीम ने कटनी पहुंचकर आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com