होटल के कमरे में युवक मृत मिला, मोबाइल में मिला सुसाइड नोट; पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरे में 23 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिला। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। युवक के मोबाइल फोन में एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने अपनी मर्जी से जान देने की बात लिखी है।
पुलिस के अनुसार, सरकंडा क्षेत्र निवासी शिव शंकर शर्मा शनिवार को जगमल चौक स्थित एक होटल में ठहरा था। उसे होटल में कमरा नंबर 205 आवंटित किया गया था। रात में उसने कमरे में ही भोजन मंगवाया था। रविवार सुबह होटल कर्मचारी सफाई के लिए पहुंचे, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर दोपहर तक इंतजार किया गया। इसके बाद होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़ा गया, जहां युवक का शव पंखे से चुनरी के सहारे लटका मिला। पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
कमरे की तलाशी के दौरान बरामद मोबाइल फोन खोलने पर स्क्रीन पर युवक की तस्वीर के साथ एक सुसाइड नोट मिला। नोट में उसने लिखा कि वह अपनी इच्छा से जान दे रहा है और इसके लिए किसी अन्य व्यक्ति को जिम्मेदार न ठहराया जाए। साथ ही उसने पुलिस से उसके परिजनों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं करने का अनुरोध भी किया।
जांच के दौरान पुलिस को युवक के मोबाइल की गैलरी खाली मिली, जिससे कई सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं, फांसी लगाने में इस्तेमाल की गई चुनरी को लेकर भी जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चुनरी युवक अपने साथ लाया था, किसी से मंगाई थी या घटना से पहले कमरे में कोई अन्य व्यक्ति आया था।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन प्रेम प्रसंग समेत अन्य सभी संभावित एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











