दुर्ग में नशीली दवाओं पर बड़ी कार्रवाई: 1000 अल्प्राजोलम टैबलेट के साथ तस्कर गिरफ्तार, 8.05 लाख का सामान जब्त

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में कुम्हारी पुलिस ने नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1000 अल्प्राजोलम टैबलेट, 1 लाख रुपए नकद, एक कार और मोबाइल फोन सहित कुल 8.05 लाख रुपए का सामान जब्त किया है। आरोपी कार में बैठकर ग्राहक का इंतजार कर रहा था और नशीली गोलियां बेचने की तैयारी में था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान 43 वर्षीय मो. अनवर के रूप में हुई है, जो ग्राम परसदा का निवासी है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रामपुर चौराहा चौक, अहिवारा रोड, कुम्हारी के पास घेराबंदी कर मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर कार को रोका। तलाशी लेने पर कार से 20 पत्तों में रखी 1000 अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद हुईं। प्रत्येक पत्ते में 50-50 गोलियां थीं और इनका कुल वजन 110 ग्राम पाया गया, जिसे व्यावसायिक मात्रा माना जाता है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 1 लाख रुपए नकद, एक रियलमी मोबाइल फोन और स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसके पास रखी अल्प्राजोलम टैबलेट अवैध रूप से थीं और वह उन्हें बेचने के उद्देश्य से ग्राहक का इंतजार कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कार में नशीली गोलियां लेकर घूमता था और ग्राहक मिलने पर उनकी बिक्री करता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अल्प्राजोलम टैबलेट की खेप उसे कहां से मिली और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक जब्त किए गए सामान में करीब 4 लाख रुपए मूल्य की अल्प्राजोलम टैबलेट, 3 लाख रुपए कीमत की स्विफ्ट डिजायर कार, 1 लाख रुपए नकद और 5 हजार रुपए मूल्य का मोबाइल फोन शामिल है।











