बारिश-भूस्खलन… दो दिन के लिए रोकी गई चारधाम यात्रा, इन 5 जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद

उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन के साथ-साथ चारधाम यात्रा को भी प्रभावित कर दिया है. मौसम विभाग की ओर से राज्य के पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों के लिए दो दिन का ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद प्रशासन ने एहतियातन चारधाम यात्रा को दो दिनों के लिए स्थगित कर दिया है. यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें फिलहाल आगे की यात्रा नहीं करने और सुरक्षित स्थानों पर ही रुकने की सलाह दी गई है.

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के ऑरेंज अलर्ट के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है. लगातार बारिश के कारण उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग जिलों में कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है, जिससे यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ जाने वाले प्रमुख मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं. सड़कें बंद होने से यात्रा संचालन प्रभावित हुआ है और प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए यात्रा रोकने का फैसला लिया है

दो दिन के लिए यात्रा स्थगित

गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि चारधाम यात्रा मार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन की वजह से बंद हैं. इसके अलावा अगले दो दिनों तक भारी बारिश का पूर्वानुमान भी जारी किया गया है. ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आज और कल (28 और 29 जुलाई) के लिए चारधाम यात्रा स्थगित करने का निर्णय लिया गया है. उन्होंने कहा कि मौसम सामान्य होने और मार्गों की स्थिति सुरक्षित होने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी.

यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रुकने के निर्देश

प्रशासन ने चारधाम मार्ग पर मौजूद सभी तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे फिलहाल अपनी यात्रा आगे न बढ़ाएं. जो श्रद्धालु रास्ते में होटल, धर्मशाला या अन्य सुरक्षित ठिकानों पर रुके हुए हैं, उन्हें वहीं रुकने के निर्देश दिए गए हैं. जिला प्रशासन, पुलिस, आपदा प्रबंधन और संबंधित विभाग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और मार्गों को खोलने का काम जारी है.

स्कूल-कॉलेज भी किए गए बंद

मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग सहित कई जिलों में स्कूल और कॉलेजों में अवकाश घोषित किया गया है. प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है.

पहले भी प्रभावित हुई थी केदारनाथ यात्रा

कुछ दिन पहले भी भारी बारिश के कारण एहतियातन केदारनाथ धाम की यात्रा एक दिन के लिए रोकी गई थी. मौसम सामान्य होने पर यात्रा फिर से शुरू कर दी गई थी. हालांकि इस बार लगातार हो रही बारिश और कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने चारों धाम की यात्रा अस्थायी रूप से रोकने का फैसला लिया है. अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और परिस्थितियां अनुकूल होने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com