सिर पर पट्टी, हाथ पर बैंडेज और लाठी के सहारे संसद पहुंचे पप्पू यादव, छात्रों के समर्थन मे किया अनोखा प्रदर्शन

नीट (NEET) पेपर लीक और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव मंगलवार को संसद परिसर में अनोखे अंदाज में पहुंचे. उनके सिर पर पट्टी बंधी थी, एक हाथ पर बैंडेज था और हाथ में बड़ी लाठी थी. संसद परिसर में उनकी यह तस्वीर देखते ही हर कोई हैरान रह गया. सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें लाठी के साथ संसद भवन में प्रवेश करने से रोक दिया, जिसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यह कोई दुर्घटना नहीं, बल्कि छात्रों पर हुई पुलिसिया कार्रवाई के खिलाफ उनका प्रतीकात्मक विरोध है.

पप्पू यादव ने कहा, ‘मैं लाठी अपनी सुरक्षा के लिए लेकर चल रहा हूं. पता नहीं यह सरकार कब किसे मरवा दे. आज बिहार में छात्रों के साथ जिस तरह का व्यवहार हो रहा है, उसी के विरोध में मैं इस रूप में संसद आया हूं’. उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में छात्रों के आंदोलन को कुचलने के लिए अत्यधिक बल प्रयोग किया गया. उनका दावा था कि छात्रों पर AK-47 तक का इस्तेमाल किया गया. उन्होंने कहा कि जो AK-47 कभी कश्मीर में आतंकवादियों के खिलाफ चलती थी, वही आज बिहार में छात्रों पर चल रही है. बेटियों तक को लाठियों से पीटा जा रहा है’.

धर्मेंद्र प्रधान पर साधा निशाना

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर निशाना साधते हुए पप्पू यादव ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराने के बजाय उनका सम्मान किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक की वजह से हजारों छात्र मानसिक तनाव से गुजरे और कई छात्रों ने आत्महत्या तक कर ली. उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति का मिथिला पाग पहनाकर सम्मान करना मिथिला की संस्कृति और सम्मान का अपमान है.

देश में भय का माहौल बना दिया गया

पप्पू यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत विपक्षी नेताओं पर पुलिस कार्रवाई का भी जिक्र करते हुए सरकार पर लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि देश में भय का माहौल बना दिया गया है और छात्रों के अधिकारों की आवाज उठाने वालों को निशाना बनाया जा रहा है.

उधर, संसद के मानसून सत्र के दौरान भी विपक्ष ने ‘पैलेट गन के इस्तेमाल’ समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया. राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, इमरान प्रतापगढ़ी, अखिलेश यादव, धर्मेंद्र यादव और महुआ मोइत्रा सहित कई विपक्षी सांसदों ने गृह मंत्री अमित शाह से सदन में जवाब देने की मांग की. लगातार हंगामे के कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही मिनटों बाद दोपहर 2 बजे तक स्थगित करनी पड़ी.

NDA के सांसदों ने भी संसद परिसर में किया प्रदर्शन

वहीं, एनडीए के सांसदों ने भी परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर संसद परिसर में प्रदर्शन किया. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्ष से सदन चलने देने की अपील करते हुए कहा कि पब्लिक एग्जामिनेशन (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा के लिए पर्याप्त समय दिया जाएगा, लेकिन विपक्ष के हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही निर्धारित समय तक नहीं चल सकी.

अनोखे अंदाज में दिखते रहते हैं पप्पू यादव

पप्पू यादव शुरुआत से ही NEET पेपर लीक और छात्रों के मुद्दे पर सबसे मुखर नेताओं में रहे हैं. 2024 के लोकसभा चुनाव में पूर्णिया से सांसद बनने के बाद उन्होंने संसद की शपथ लेने भी अलग अंदाज में पहुंचे थे. उस दौरान उन्होंने अपनी टी-शर्ट पर ‘Re-NEET Exam’ लिखवाया था और दोबारा परीक्षा कराने की मांग उठाई थी. इसके बाद भी उन्होंने संसद से लेकर सड़क तक लगातार छात्रों की आवाज बुलंद की. बिहार में NEET अभ्यर्थियों के समर्थन में कई बार प्रदर्शन किया, धरनों में शामिल हुए और सरकार से निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और छात्रों को न्याय दिलाने की मांग लगातार उठाते रहे हैं. मंगलवार को सिर पर पट्टी, हाथ में लाठी और बैंडेज के साथ संसद पहुंचना भी उसी आंदोलन की कड़ी माना जा रहा है, जिसके जरिए उन्होंने छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com