ट्रक में घुसी स्कूल वैन चकनाचूर, एक की मौत:गाड़ी में फंसे बच्चों को लोगों ने बाहर निकाला, 2 की हालत गंभीर

बांसवाड़ा में स्कूली बच्चों से भरी वैन सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद वैन में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बच्चों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई। कई बच्चे घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसा बुधवार सुबह करीब 8 बजे शहर के दाहोद मार्ग पर हुआ।
स्कूल से कुछ दूरी पहले ट्रक में घुसी वैन, बच्चों में मची चीख-पुकार
जानकारी के अनुसार, बच्चों को लेकर जा रही स्कूल वैन सेंट पॉल स्कूल जा रही थी। इस दौरान दाहोद मार्ग पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि वैन में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
मौके पर जुटी भीड़, लोगों ने बच्चों को वैन से बाहर निकाला
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से हॉस्पिटल पहुंचाया गया।
एक गंभीर रूप से घायल बच्चे को हॉस्पिटल में सीपीआर देकर बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उसने दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर हालत में दो बच्चों का इलाज शुरू किया गया।
15 बच्चे थे वैन में सवार, पुलिस कर रही हादसे की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन घबरा गए और रोते-बिलखते हॉस्पिटल पहुंच गए। जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय वैन में 15 बच्चे सवार थे। सभी घायलों को एमजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार और वैन ड्राइवर की लापरवाही मानी जा रही है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।











