बीएसपी से 210 किलो कॉपर चोरी करने वाले गिरोह के सभी आरोपी गिरफ्तार, दो महीने बाद दो फरार भी दबोचे गए

भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से 210 किलो स्क्रैप कॉपर चोरी करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब दो महीने से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले इस मामले के मुख्य आरोपी को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। अब चोरी की वारदात में शामिल तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए 210 किलो स्क्रैप कॉपर की कीमत करीब 1.26 लाख रुपए है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 34 वर्षीय आकाश कुहीकर और 31 वर्षीय प्रीतम कुमार उर्फ पंचू निषाद के रूप में हुई है। वहीं, इस मामले का मुख्य आरोपी 32 वर्षीय नेमचंद यादव पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था।

पुलिस के मुताबिक, 24 मई 2026 को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने भिलाई इस्पात संयंत्र के प्लेट मिल-03 के पीछे कुछ लोगों को अवैध रूप से प्लांट में घुसकर स्क्रैप कॉपर चोरी करते हुए पकड़ा था। इसके बाद सीआईएसएफ की शिकायत पर भिलाई भट्ठी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी नेमचंद यादव को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 210 किलो स्क्रैप कॉपर जब्त किया था। हालांकि, घटना में शामिल दो अन्य आरोपी वारदात के बाद से फरार थे। पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी। 27 जुलाई को दोनों आरोपियों के संबंध में सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने नेमचंद यादव के साथ मिलकर बीएसपी परिसर में बिना अनुमति प्रवेश कर स्क्रैप कॉपर चोरी करने की योजना बनाई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com