कल से शुरू हो रहा है शिवभक्तों का प्रिय महीना, नोट कर लें पूजा का सही समय

भगवान शिव को समर्पित सावन का पवित्र महीना कल यानी 30 जुलाई 2026 से शुरू हो रहा है. हिंदू धर्म में सावन को भोलेनाथ का सबसे प्रिय महीना माना जाता है. इस पूरे महीने शिव भक्त भगवान शिव की पूजा करते हैं, शिवलिंग पर जल और दूध चढ़ाते हैं, महामृत्युंजय मंत्र और ओम नमः शिवाय का जाप करते हैं. मान्यता है कि सावन में सच्चे मन से भगवान शिव की पूजा करने से भोलेनाथ प्रसन्न होते हैं और भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करते हैं. सावन के दौरान सोमवार का व्रत रखने और शिवलिंग का जलाभिषेक करने का विशेष महत्व बताया गया है. अगर आप भी सावन में भगवान शिव की पूजा करने की तैयारी कर रहे हैं, तो पूजा के सही समय को जरूर नोट कर लें.
सावन में पूजा के लिए सुबह का कौन सा समय शुभ?
सावन में भगवान शिव की पूजा के लिए सुबह का समय बहुत शुभ माना जाता है. खासतौर पर ब्रह्म मुहूर्त में पूजा, ध्यान और मंत्र जाप करने की परंपरा है. यह समय सूर्योदय से कुछ समय पहले का होता है. आमतौर पर सुबह 4 बजे से 5:30 बजे के बीच का समय ब्रह्म मुहूर्त का समय माना गया है. इस समय भक्त मंदिर ना भी जा सके तो भगवान शिव का ध्यान कर सकते हैं , इस समय ओम नमः शिवाय का जाप करना भी शुभ माना जाता है.
शाम का प्रदोष काल भी पूजा के लिए खास
सुबह के अलावा सावन में शाम का प्रदोष काल भी भगवान शिव की पूजा के लिए विशेष माना जाता है. सूर्यास्त के आसपास से शुरू होने वाले इस समय में शिव पूजा, आरती और दीपदान करने की परंपरा है. सामान्य तौर पर शाम 7 बजे से रात 9 बजे के बीच का ये समय होता है. धार्मिक मान्यता है कि प्रदोष काल में भगवान शिव की पूजा करने से भक्तों को विशेष कृपा मिलती है. इस समय शिवलिंग पर जल चढ़ाकर दीपक जलाना और भगवान शिव की आरती करना शुभ माना जाता है. कई भक्त इस दौरान शिव मंदिर जाकर पूजा करते हैं, जबकि कुछ लोग घर पर ही भगवान शिव का ध्यान और आराधना करते हैं.
सावन में सोमवार का विशेष महत्व
सावन के महीने में सोमवार का दिन भगवान शिव को समर्पित माना जाता है. इस दिन शिव भक्त व्रत रखते हैं और शिवलिंग का जलाभिषेक करते हैं. कई भक्त सुबह जल्दी उठकर स्नान करने के बाद शिव मंदिर जाते हैं. सावन सोमवार पर शिवलिंग पर जल चढ़ाने के साथ बेलपत्र, दूध और फूल अर्पित करने की परंपरा भी है. इसके बाद शिव चालीसा का पाठ या ओम नमः शिवाय का जाप किया जाता है. धार्मिक मान्यता है कि सावन सोमवार का व्रत रखने और भगवान शिव की पूजा करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं.











