रायगढ़ में देह व्यापार के अड्डों पर छापा: 2 नाबालिग बालिकाएं मिलीं, POCSO समेत कई धाराओं में केस दर्ज

रायगढ़। शहर में अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। साइबर थाना, कोतवाली और जूटमिल पुलिस की संयुक्त टीम ने लालटंकी दानीपारा और मिट्ठूमुड़ा दुर्गा चौक स्थित मकानों में दबिश देकर कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि लालटंकी से दो नाबालिग बालिकाओं को मुक्त कराया गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 (PITA) तथा पहले मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
लालटंकी में पहले की गई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि लालटंकी दानीपारा स्थित एक मकान में लड़कियों को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने एक पाइंटर ग्राहक को 1,500 रुपये देकर मौके पर भेजा। तय संकेत मिलते ही सीएसपी और साइबर डीएसपी उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने छापा मारा।
मौके से मकान संचालिका लक्ष्मी शर्मा (46) और ग्राहक ऋषभ शर्मा (24) को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान दो नाबालिग बालिकाएं भी मिलीं। पुलिस ने नकदी, मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की।
पूछताछ में आरोप है कि मकान संचालिका पिछले एक-दो वर्षों से लड़कियों को बुलाकर देह व्यापार संचालित कर रही थी। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ PITA एक्ट की धारा 3, 4 और 5 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 14 के तहत मामला दर्ज किया गया।
मिट्ठूमुड़ा में भी पुलिस की दबिश
दूसरी कार्रवाई मिट्ठूमुड़ा दुर्गा चौक में की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक अन्य मकान में पाइंटर ग्राहक भेजा और संकेत मिलते ही छापेमारी की। यहां मकान संचालिका सुनीता मेहर (48) और अभय सिंह (42) को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। मौके पर मौजूद अन्य महिलाओं ने पूछताछ में बताया कि वे सुनीता मेहर के बुलावे पर वहां आई थीं।
इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के तहत अपराध दर्ज किया गया।
नाबालिग बालिकाओं को परिजनों के सुपुर्द किया
लालटंकी से मुक्त कराई गई दोनों नाबालिग बालिकाओं को पुलिस ने संरक्षण में लेकर काउंसलिंग कराई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
एसएसपी बोले— ऐसे गिरोहों पर जारी रहेगी कार्रवाई
रायगढ़ एसएसपी शशिमोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के शोषण से जुड़े अपराधों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अनैतिक देह व्यापार में शामिल किसी भी व्यक्ति या गिरोह को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही नागरिकों से ऐसे मामलों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।










