जैसलमेर में हादसा: ऊंट से टकराकर 5 बार पलटी सेना की SUV, मेजर शहीद, एक महीने पहले हुई थी शादी

राजस्थान के जैसलमेर में भीषण सड़क हादसा हुआ है. हादसे में भारतीय सेना के 26 वर्षीय मेजर हमजा आरिफ शहीद हो गए, जबकि दो लेफ्टिनेंट गंभीर रूप से घायल हो गए. सेना की टाटा सफारी आर्मी स्टेशन लौटते समय अचानक सड़क पर खड़े ऊंट से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन चार से पांच बार पलटता हुआ करीब 100 मीटर तक घिसटता चला गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल अधिकारियों को तुरंत सेना के अस्पताल पहुंचाया गया. सबसे दुखद बात यह है कि मेजर हमजा की शादी महज एक महीने पहले ही हुई थी.
हादसा गुरुवार देर रात करीब 12:30 बजे सदर थाना क्षेत्र के थईयात इलाके में हुआ. मेजर हमजा आरिफ अपने दो साथी लेफ्टिनेंट आयुष्मान और अभिनव राठौड़ के साथ ड्यूटी पूरी कर आर्मी स्टेशन लौट रहे थे. जैसे ही उनकी टाटा सफारी आर्मी स्टेशन के पास पहुंची, तभी अचानक एक ऊंट सड़क पर आ गया. चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और तेज रफ्तार SUV ऊंट से जा टकराई.
टक्कर के बाद पलटी SUV
ऊंट से टकराने के बाद सेना की SUV करीब चार से पांच बार पलटी और लगभग 100 मीटर तक सड़क पर घिसटती रही. वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग और सेना के जवान मौके पर पहुंचे. तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया और तीनों अधिकारियों को आर्मी हॉस्पिटल पहुंचाया गया.
मेजर हमजा को नहीं बचाया जा सका
अस्पताल में डॉक्टरों ने मेजर हमजा आरिफ को मृत घोषित कर दिया. वह मध्य प्रदेश के रहने वाले थे और उनकी शादी लगभग एक महीने पहले ही हुई थी. हादसे की खबर मिलते ही सेना और उनके परिवार में शोक की लहर दौड़ गई. वहीं, घायल लेफ्टिनेंट आयुष्मान और अभिनव राठौड़ का सेना के अस्पताल में इलाज जारी है. दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
पुलिस और मिलिट्री पुलिस ने शुरू की जांच
सदर थाना के एएसआई जगदीश चारण ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह अचानक सड़क पर आए ऊंट को माना जा रहा है. हालांकि, दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. स्थानीय पुलिस और मिलिट्री पुलिस (आर्मी पुलिस) ने संयुक्त रूप से जांच शुरू कर दी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और क्या इसे रोका जा सकता था.











