अचानकमार टाइगर रिजर्व के गांवों में मलेरिया का प्रकोप, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर

अचानकमार टाइगर रिजर्व (एटीआर) क्षेत्र के कई गांवों में मलेरिया के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक नियंत्रण अभियान शुरू कर दिया है। कलेक्टर के निर्देश पर प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीमें लगातार दौरा कर रही हैं। डोर-टू-डोर सर्वे के माध्यम से बुखार से पीड़ित लोगों की पहचान कर तत्काल जांच और उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है। गंभीर मरीजों को स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती किया गया है, जबकि अन्य मरीजों की नियमित निगरानी की जा रही है।
गांवों में बढ़ाई गई स्वास्थ्य निगरानी
प्रशासनिक अधिकारियों ने तिलईडबरा, बहाउड़, सारसडोल, जमुनाही, अतरियाखार और राजक सहित कई गांवों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक मरीज तक समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार पहुंचे और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। प्रभावित क्षेत्रों में रैपिड डायग्नोस्टिक (आरडी) किट और मलेरिया रोधी दवाओं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध कराया गया है, जिससे मौके पर ही जांच और इलाज शुरू किया जा सके।
कंट्रोल रूम स्थापित, लोगों से सतर्क रहने की अपील
मलेरिया के साथ-साथ अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है। इसके जरिए प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है और जरूरत पड़ने पर तत्काल स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से पूरे बाजू के कपड़े पहनने, नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करने, घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा उबला या सुरक्षित पानी पीने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई होगी।











