छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, तीन दिन तक भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार 4 अगस्त से प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी। अगले तीन दिनों तक अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कई स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान भी कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। 1 जून से अब तक प्रदेश में सामान्य से 5 प्रतिशत कम बारिश हुई है, जिसे मौसम विभाग ने सामान्य श्रेणी में रखा है।
अगले 48 घंटे में बढ़ेगी बारिश की गतिविधि
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कुछ इलाकों में भारी वर्षा के साथ तेज गर्जना और बिजली गिरने की आशंका है। राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।
कई जिलों में सामान्य से अधिक तो कुछ में कम बारिश
1 जून से 2 अगस्त तक छत्तीसगढ़ में औसतन 566.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि सामान्य वर्षा 594.6 मिमी होनी चाहिए थी। हालांकि प्रदेश के अधिकांश जिले सामान्य वर्षा की श्रेणी में हैं, लेकिन बारिश का वितरण असमान रहा है।
नारायणपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़, जांजगीर-चांपा, महासमुंद, गरियाबंद, बालोद, रायपुर और बलौदाबाजार में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। वहीं सरगुजा, जशपुर, बेमेतरा, कांकेर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और सूरजपुर में सामान्य से काफी कम बारिश हुई है।
मौसम विभाग का मानना है कि अगस्त का महीना खरीफ फसलों, विशेष रूप से धान की खेती के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहेगा। यदि इस महीने अच्छी वर्षा होती है तो किसानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा और फसलों की स्थिति बेहतर होगी।











