सक्ती में नाबालिग चालकों पर पुलिस की सख्ती: 12 छात्रों पर कार्रवाई, 27 हजार रुपए का जुर्माना

सक्ती जिले में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही पुलिस ने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। विशेष जांच अभियान के दौरान अनुनय कॉन्वेंट स्कूल के सामने 12 नाबालिग छात्र बाइक और स्कूटी चलाते हुए पकड़े गए। इसके अलावा कुछ बालिग छात्र भी बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाते मिले, जिनके खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

विशेष अभियान में हुई चालानी कार्रवाई

पुलिस ने सभी मामलों में मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 27 हजार रुपए का जुर्माना वसूला। यह अभियान पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर चलाया गया। यातायात प्रभारी निरीक्षक वाय.एन. शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्कूल के बाहर वाहनों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की।

पुलिस का कहना है कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और अभिभावकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना भी है।

अभिभावकों और स्कूलों से सहयोग की अपील

यातायात पुलिस ने बताया कि नए सत्र के साथ ही स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। स्कूलों से कहा गया है कि वे नाबालिग छात्रों को दोपहिया वाहन लेकर स्कूल आने से रोकें और सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करें।

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें, क्योंकि इससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। यातायात प्रभारी ने स्पष्ट किया कि नाबालिगों के वाहन चलाने के मामलों में आगे भी लगातार विशेष अभियान चलाया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com