परिसीमन से महिला आरक्षण तक… राहुल का रिजिजू को अल्टीमेटम, विशेष सत्र को लेकर सरकार और विपक्ष में घमासान

परिसीमन और महिला आरक्षण संशोधन बिल के लिए विशेष सत्र बुलाया जा सकता है. दरअसल, 13 अगस्त को मॉनसून सत्र समाप्त होगा. इसके बाद सत्रावसान नहीं होगा ताकि जल्दी ही सत्र फिर बुलाया जा सके. सूत्रों के मुताबिक, विशेष सत्र को बुलाने को लेकर बुधवार को संसदीय कार्य मंत्री रिजिजू ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की. लेकिन राहुल ने कहा, बिना गृह मंत्री के बयान के संसद नहीं चलेगी.
दरअसल, सरकार द्वारा 16 अगस्त को विशेष सत्र बुलाया जा सकता है. माना जा रहा है कि केंद्र सरकार संशोधन बिल पारित कराने के लिए दो तिहाई संख्या जुटाने पर काम कर रही है. सूत्रों के मुताबिक, सरकार की तरफ से कांग्रेस समेत विपक्ष को विशेष सत्र का प्रस्ताव दिया गया है. परिसीमन बिल पर सरकार ने कांग्रेस को कहा है कि वे 16,17,18 से संसद का सत्र बुलाना चाहते हैं.
सरकार के इस प्रस्ताव पर कांग्रेस ने कहा है की पार्टी और विपक्ष के दूसरे दलों से चर्चा करके बताएंगे. वहीं, केंद्र सरकार ने संसद में एक सप्ताह से ज्यादा समय से चल रहे हंगामे को खत्म करने की कोशिशें शुरू कर दी हैं.
राहुल गांधी अमित शाह के बयान पर अड़े
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने आज लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की और सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने के लिए उनका सहयोग मांगा. हालांकि, सूत्रों ने बताया कि राहुल ने रिजिजू को साफ कर दिया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान के बिना सदन की कार्यवाही नहीं चलेगी.
रिजिजू ने राहुल गांधी से मांगा सहयोग
सूत्रों के मुताबिक, बैठक के दौरान किरण रिजिजू ने परिसीमन और महिला आरक्षण संविधान संशोधन बिल के मुद्दों पर पार्टी का सहयोग मांगा. हालांकि, राहुल ने फिर दोहराया कि “डोनेशन चोरी” और छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के बारे में गृह मंत्री अमित शाह के बयान के बिना सदन की कार्यवाही आगे नहीं बढ़ेगी. इसके बाद, रिजिजू ने स्पीकर से मुलाकात की और फिर अमित शाह को इस मामले की जानकारी दी.
विपक्ष की मांग “डोनेशन चोरी” के मुद्दे पर हो चर्चा
वहीं, कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि रिजिजू प्रधानमंत्री के एजेंडे पर चर्चा करने के लिए उनसे मिले थे, जबकि विपक्ष “डोनेशन चोरी” के मुद्दे पर चर्चा चाहता है. पेपर लीक के खिलाफ सख्त कानून का बिल पास होने के बाद से विपक्ष इन दो मांगों को लेकर संसद में लगातार विरोध कर रहा है. मॉनसून सत्र में केवल छह दिन बचे हैं, और राहुल गांधी और रिजिजू के बीच बैठक के बावजूद गतिरोध खत्म होने के आसार कम ही दिख रहे हैं.











