साधु-संतों का राहुल गांधी के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन, दिल्ली पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आवास के बाहर शुक्रवार सुबह अचानक कुछ लोग साधु-संतों के वेश में पहुंच गए और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन करने लगे। विरोध प्रदर्शन करने पर साधुओं समेत कम से कम आठ लोगों को हिरासत में लिया गया। एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को साधुओं के एक समूह ने पाबंदियों के बावजूद गांधी के आवास के पास वाले हाई-सिक्योरिटी इलाके में प्रदर्शन करने की कोशिश की। इलाके में तैनात पुलिसकर्मियों ने दखल दिया और कानून-व्यवस्था बिगड़ने से रोकने के लिए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए लोगों को वहां से हटा दिया गया।
प्रदर्शनकारियों के अचानक साधु-संतों के भेष में पहुंचने से कुछ देर के लिए इलाके में हलचल की स्थिति बन गई। पुलिस ने एहतियात के तौर पर राहुल गांधी के आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी। हालांकि, शुरुआती जानकारी के मुताबिक अभी यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि प्रदर्शनकारी किस मुद्दे को लेकर राहुल गांधी के आवास के बाहर पहुंचे थे और उनके प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य क्या था। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है
हिरासत में लिए जाने पर प्रदर्शनकारियों में से एक ने कहा, “मैं कांग्रेस पार्टी को कोसती हूं। हमने 56 साल तक इस पार्टी के लिए अपना खून-पसीना बहाया और अब यह हमें बाहर निकाल रही है। राहुल गांधी, आपको शर्म आनी चाहिए।”
पप्पू यादव ने साधु-संतों का वेश धारण कर संसद में प्रदर्शन किया था
कुछ दिन पहले बिहार के सांसद पप्पू यादव ने भी साधु-संतों का वेश धारण कर संसद परिसर में प्रदर्शन किया था। उनका यह विरोध अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे और दान में कथित अनियमितताओं के आरोपों को लेकर था। उस प्रदर्शन में विपक्ष के कई नेता शामिल हुए थे और कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी उसमें मौजूद थे। ऐसे में अब राहुल गांधी के आवास के बाहर साधु-संतों के वेश में हुए प्रदर्शन को उसी घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, इस प्रदर्शन के पीछे प्रदर्शनकारियों का उद्देश्य क्या था और उनकी मांगें क्या थीं, इसे लेकर पुलिस या किसी अन्य आधिकारिक पक्ष की ओर से अभी तक कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।











