सरकारी स्कूल में आराम फरमाते दिखे शिक्षक, Video वायरल होते ही उठे सवाल

मध्य प्रदेश के सिंगरौली से शिक्षा व्यवस्था की तस्वीर दिखाने वाला एक वीडियो सामने आया है। जहां स्कूल में बच्चों का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी जिन शिक्षकों के कंधों पर है, उन्हीं पर लापरवाही के गंभीर आरोप लग रहे हैं। यहां गिधेर के सरकारी स्कूल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में क्लास के समय शिक्षक आराम करते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि बच्चे बिना पढ़ाई के बैठे नजर आ रहे हैं।
जब स्कूल के समय शिक्षक ही आराम फरमाएंगे, तो बच्चों को पढ़ाएगा कौन?
सिंगरौली जिले के गिधेर गांव से सामने आए इस वीडियो ने सरकारी स्कूलों की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि एक स्थानीय ग्रामीण ने स्कूल की स्थिति को अपने कैमरे में कैद किया। वायरल वीडियो में शिक्षक क्लास के समय आराम करते हुए नजर आ रहे हैं, जबकि बच्चे पढ़ाई के बजाय खाली बैठे दिखाई दे रहे हैं।
एक तरफ सरकार बच्चों की शिक्षा पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है। स्कूलों में शिक्षक नियुक्त हैं, संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। लेकिन अगर पढ़ाई के समय ही शिक्षक अपनी जिम्मेदारी से दूर नजर आएं, तो फिर इन बच्चों के भविष्य का जिम्मेदार कौन होगा।











