मध्यप्रदेश से आए 3 हाथियों का मरवाही में आतंक: घरों में घुसकर तोड़फोड़, फसलें रौंदी; वन विभाग ने जारी किया अलर्ट

बिलासपुर, 07 अगस्त 2026
मरवाही वनमंडल में मध्य प्रदेश की ओर से आए तीन जंगली हाथियों के दल ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। कुम्हारी, चिचगोहना और आसपास के गांवों में हाथियों ने बीते तीन दिनों में जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने चार मकानों को नुकसान पहुंचाया, जबकि करीब 15 किसानों की फसलों को रौंद दिया।
कुम्हारी गांव में देर रात हाथियों का दल एक ग्रामीण के घर में घुस गया। हाथियों ने घर में रखा राशन खाया और सामान को नुकसान पहुंचाया। अचानक घर में हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। पूरी रात लोग जागकर हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखते रहे।
बताया गया कि करीब दो दिन पहले भी तीन हाथियों ने मध्य प्रदेश सीमा से मरवाही वनमंडल में प्रवेश किया था। इसके बाद चिचगोहना और घुसरिया गांव में हाथियों ने तीन मकानों को तोड़ दिया और 15 किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया। लगातार हो रहे नुकसान से ग्रामीणों में भय का माहौल है।
खेत और घरों की सुरक्षा को लेकर चिंता
वर्तमान में खेती का काम चल रहा है। ऐसे में हाथियों की मौजूदगी ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है। ग्रामीणों को डर है कि यदि हाथियों का दल लंबे समय तक गांवों के आसपास रहा तो फसलों के साथ-साथ घरों और अन्य संपत्तियों को भी नुकसान हो सकता है।
ग्रामीण रात के समय खेतों और घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। मवेशियों की सुरक्षा को लेकर भी लोग चिंतित हैं।
वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी
हाथियों की गतिविधियों पर वन विभाग की टीम लगातार नजर रख रही है। आसपास के गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वन अमला हाथियों की लोकेशन और उनकी दिशा पर नजर बनाए हुए है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि शाम के बाद अकेले जंगल या खेतों की ओर न जाएं। हाथियों के करीब जाने, उन्हें परेशान करने या छेड़छाड़ करने से बचें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।
वन विभाग ने लोगों से हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और सतर्क रहने को कहा है।











