‘झारखंड जाने से क्यों घबरा रहे राहुल गांधी’, प्रयागराज में पोस्टर वार, गरमाई सियासत

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे से पहले शहर में सियासी पोस्टर वार शुरू हो गया है. राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले प्रयागराज के अलग-अलग इलाकों में कई विवादित पोस्टर लगाए गए हैं. इन पोस्टरों में राहुल गांधी की तस्वीर के साथ उन पर तीखे राजनीतिक तंज कसे गए हैं. एक पोस्टर पर लिखा गया है जो भाग कर प्रयागराज आए, वह झारखंड जाने से क्यों घबराए? वहीं दूसरे पोस्टर में सवाल किया गया है जब झारखंड के छात्र मांग रहे न्याय, राहुल प्रयागराज ड्रामा करने क्यों आए? एक अन्य पोस्टर पर लिखा है कब आओगे मेरे राहुल, तुम्हें झारखंड बुलाता है”

पोस्टरों में राहुल गांधी की तस्वीर का इस्तेमाल करते हुए उनके प्रयागराज दौरे और छात्रों से होने वाले संवाद को निशाना बनाया गया है. एक पोस्टर में नीट परीक्षा को लेकर भी राहुल गांधी पर हमला बोला गया है. इसमें लिखा है NEET पर हाइपोक्रेसी की भी सीमा होती है, प्रयागराज WOW, झारखंड छी.

खास बात ये है कि इन पोस्टरों पर किसी व्यक्ति, संगठन या राजनीतिक दल का नाम दर्ज नहीं है. ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आखिर इन पोस्टरों को किसने शहर में लगवाया है. हालांकि, पोस्टर्स के जरिए राहुल गांधी पर सीधे निशाना साधे जाने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है.

शहर में लगे कई बैनर्स

दरअसल, राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर को पोस्टर और बैनरों से पाट दिया है. राहुल गांधी आज प्रयागराज में छात्रों के साथ गूंज कार्यक्रम में संवाद करने वाले हैं. कार्यक्रम में नीट परीक्षा, पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की बात कही जा रही है.

एक तरफ कांग्रेस इस कार्यक्रम को छात्रों की आवाज उठाने वाला बड़ा आयोजन बता रही है, तो दूसरी तरफ राहुल गांधी के विरोध में लगे पोस्टरों ने सियासी बहस को और तेज कर दिया है. दौरे से पहले शुरू हुए इस पोस्टर वार के बीच अब सबकी नजरें राहुल गांधी के कार्यक्रम और उनके संबोधन पर टिकी हैं. प्रयागराज में आज राहुल गांधी का कार्यक्रम जहां राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का मंच बनने जा रहा है, वहीं विवादित पोस्टरों ने शहर के सियासी तापमान को पहले ही बढ़ा दिया है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com