नोएडा के 1 करोड़ के फ्लैट में छत से गिरा मलबा, बाल-बाल बचा बच्चा…महिला ने शेयर किया वीडियो

नोएडा की एक रिहायशी सोसाइटी में फ्लैट की छत से अचानक मलबा गिरने का मामला सामने आया है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया है, जिसे देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि उस वक्त घर में मौजूद परिवार किस डर से गुजरा होगा. वीडियो बनाने वाली महिला अक्षिता बंसल ने बताया कि जिस समय छत का हिस्सा नीचे गिरा, उनका बेटा ठीक उसी जगह खड़ा था. गनीमत रही कि बच्चे को कोई गंभीर चोट नहीं आई. वीडियो में कमरे की हालत भी साफ नजर आ रही है. छत से टूटकर गिरा प्लास्टर और मलबा बिस्तर के साथ-साथ फर्श पर फैला हुआ दिखाई देता है.
अक्षिता बताती हैं कि छत गिरने से पहले वहां किसी तरह का बड़ा क्रैक, निशान या ऐसी कोई चेतावनी नहीं थी, जिससे उन्हें अंदाजा हो सके कि ऐसा कुछ होने वाला है. अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को डरा दिया. अक्षिता का आरोप है कि इस तरह की घटना खराब कंस्ट्रक्शन क्वालिटी की वजह से हुई है. वह वीडियो में छत से गिरे प्लास्टर का एक हिस्सा उठाकर दिखाती हैं और उसे हाथ से तोड़कर बताती हैं कि मलबा कितना कमजोर है. उनका कहना है कि जिस घर के लिए लोगों की पूरी जिंदगी की कमाई खर्च हो जाती है, वहां इस तरह की लापरवाही बिल्कुल स्वीकार नहीं की जा सकती.
सिर्फ आश्वासन ही मिला
वीडियो में अक्षिता अपने बेटे के सिर पर गिरा मलबा भी दिखाती हैं. वह कहती हैं कि भगवान का शुक्र है कि उनका बच्चा सेफ है, लेकिन अगर मलबा थोड़ा ज्यादा या गलत जगह गिरता तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी. यही बात उन्हें सबसे ज्यादा परेशान कर रही है. अक्षिता का कहना है कि जब उन्होंने बिल्डर से इस मामले को लेकर बात करने की कोशिश की, तो उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला. उनके मुताबिक, जवाब में यही कहा जाता है कि देखेंगे, करते हैं या मामले को जल्द ठीक कर दिया जाएगा. लेकिन सवाल यह है कि जब घर की छत से मलबा गिर रहा हो, तब केवल आश्वासन से परिवार खुद को सुरक्षित कैसे महसूस करे?
महिला ने इस घटना को खराब निर्माण गुणवत्ता का गंभीर उदाहरण बताया है. उनका सवाल है कि अगर किसी रिहायशी सोसाइटी में बिना किसी चेतावनी के छत का हिस्सा गिर जाए और उसकी चपेट में कोई बच्चा या परिवार का सदस्य आ जाए, तो इसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी?अक्षिता ने यह भी बताया कि जिस फ्लैट में यह घटना हुई, उसकी कीमत करीब 1 करोड़ रुपये है. इस जानकारी के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने भी बिल्डिंग की क्वालिटी और सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए. कमेंट सेक्शन में कई लोगों ने बच्चे की सलामती की उम्मीद जताई.











