अंतिम संस्कार को लेकर गांव में विवाद, धर्म परिवर्तन के बाद बुजुर्ग महिला की मौत पर बढ़ा तनाव

धमतरी जिले के रांवा-कुर्रा गांव में धर्म परिवर्तन कर चुके परिवार की 80 वर्षीय महिला सोनबती यादव की मौत के बाद अंतिम संस्कार को लेकर विवाद हो गया। परिवार ईसाई रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था, जिसका कुछ ग्रामीणों और हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को संभाला।

धर्म परिवर्तन के बाद अंतिम संस्कार को लेकर आपत्ति

जानकारी के मुताबिक, सोनबती यादव के परिवार ने करीब एक साल पहले ईसाई धर्म अपनाया था। रविवार शाम महिला की मौत के बाद परिवार अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान ग्रामीणों और हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं को इसकी जानकारी मिली। उन्होंने ईसाई रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार किए जाने पर आपत्ति जताई। इसके बाद मौके पर भीड़ जुट गई और विवाद की स्थिति बन गई।

पुलिस के पहुंचने के बाद दोनों पक्षों से बातचीत की गई। गांव के बड़े-बुजुर्गों ने भी परिवार के साथ चर्चा की। काफी देर तक चली समझाइश के बाद परिवार हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार करने के लिए सहमत हो गया। इसके बाद देर रात अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई।

पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत

भखारा थाना प्रभारी अरुण साहू के मुताबिक, अंतिम संस्कार को लेकर विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस टीम गांव पहुंची थी। पुलिस ने ग्रामीणों और परिवार से बातचीत कर विवाद को शांत कराया। आपसी सहमति बनने के बाद अंतिम संस्कार किया गया।

घटना के बाद कुछ समय तक गांव में तनाव का माहौल रहा, लेकिन पुलिस की मौजूदगी और समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हो गई। पुलिस के अनुसार फिलहाल गांव में शांति है और किसी अप्रिय स्थिति की सूचना नहीं है। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता डाकेश्वर साहू ने भी अंतिम संस्कार को लेकर ग्रामीणों की आपत्ति की जानकारी दी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com