बिहार के 12 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट:12 अगस्त को कई जिलों में हैवी रेन की चेतावनी; प्रदेश में 35% कम बारिश

बिहार में मानसून एक्टिव है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में पिछले कुछ दिनों से बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 12 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में करीब 40Kmph की रफ्तार से हवा चल सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक 12 अगस्त तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। उत्तर बिहार के कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना है। 15 अगस्त के बाद प्रदेश में मौसम साफ होने की उम्मीद है।

मौसम वैज्ञानिक के अनुसार 9 अगस्त तक बिहार में कुल 369.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य बारिश का आंकड़ा 573.4 मिलीमीटर होना चाहिए था। इस तरह राज्य में अब तक बारिश 36 प्रतिशत कम हुई है।

बीते 24 घंटे में कैसा रहा मौसम…

रविवार शाम को मुंगेर के हवेली खड़गपुर में मुसलाधार बारिश हुई। जिसके बाद कई इलाकों में जलजमाव हो गया। वहीं नेपाल के तराई इलाकों में हो रही लगातार बारिश ने गोपालगंज में बाढ़ का खतरा बढ़ा दिया है। दियारा क्षेत्र के दर्जनों गांवों में पानी घुस गया है, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। घरों, खेतों और सड़कों में पानी भरने से जनजीवन प्रभावित हो गया है।

बगहा में 300 घरों में घुसा बाढ़ का पानी

नेपाल में हो रही बारिश से मुजफ्फरपुर में बागमती नदी उफान पर है। बकुची गांव में 12 से अधिक घर डूब गए हैं। बगहा में गंडक का पानी 2 पंचायतों की 300 घरों में घुस गया है। बेगूसराय जिले के मटिहानी प्रखंड क्षेत्र स्थित महेंद्रपुर गांव के समीप गंगा नदी का भीषण कटाव शुरू हो गया है।

खगड़िया में गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से निचले इलाकों में पानी फैलने लगा है। परबत्ता प्रखंड के नयागांव दियारा जाने वाला छोटी पुलिया पूरी तरह पानी में डूब गया है। इसके कारण दियारा क्षेत्र तक पहुंचना मुश्किल हो गया है और लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com