हाथ में तिरंगा लेकर 1.5 KM पैदल चले सीएम सम्राट:गांधी मैदान में मंत्री दिलीप जायसवाल-मिथिलेश तिवारी को गार्ड्स ने रोका; यात्रा में बच्चे भी शामिल

पटना में आज 10 अगस्त को ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा की शुरुआत सुबह 10:30 बजे जेपी गोलंबर से हुई।
यात्रा में सीएम सम्राट भी शामिल हुए। वो हाथों में तिरंगा लेकर जेपी गोलंबर से कारगिल चौक तक 1.5 किलोमीटर पैदल चले।
तिरंगा यात्रा में शामिल होने से पहले सीएम सम्राट चौधरी गांधी मैदान में बापू की मूर्ति पर माल्यार्पण करने पहुंचे। उनके साथ मंत्री दिलीप जायसवाल और मिथिलेश तिवारी मौजूद थे।
सीएम का काफिला गांधी मैदान के गेट नंबर 12 से अंदर चला गया। उसके बाद गेट बंद कर दिया गया। सीएम सिक्योरिटी में जवान कहते नजर आए कि सीएम एस्कॉर्ट के अलावा कोई भी गाड़ी अंदर नहीं जाएगी।
मंत्री दिलीप जायसवाल और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के स्टॉफ कहते रहे कि गेट खोलिए मंत्री जी हैं। 5 मिनट के तक दोनों मंत्रियों को इंतजार करना पड़ा तब गेट खुला।
14 अगस्त तक मंडलों में निकलेगी तिरंगा यात्रा
‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत आज पटना में मुख्य तिरंगा यात्रा के बाद 14 अगस्त तक सभी मंडलों में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसका उद्देश्य लोगों में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देना और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाना है।
सुबह 7 बजे से कई रास्तों पर रोक
तिरंगा यात्रा को देखते हुए आज सुबह 7 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक गांधी मैदान, डाकबंगला चौराहा और बुद्धमार्ग से जुड़े कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। हालांकि, आपातकालीन सेवा वाले वाहनों को इस रोक से बाहर रखा गया है।
पटना जंक्शन की ओर से आने वाले वाहनों को डाकबंगला चौराहे से पूरब की ओर मोड़कर भट्टाचार्या चौक और पीरमुहानी होते हुए नाला रोड की तरफ भेजा जाएगा।
वहीं, एग्जीबिशन रोड की ओर आने वाले वाहनों को बिग बाजार के पास कटिंग से वापस भट्टाचार्या चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
लोगों से वैकल्पिक रास्ते अपनाने की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा के दौरान इन मार्गों से बचें और जरूरत के अनुसार वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। यात्रा समाप्त होने के बाद स्थिति सामान्य होने पर यातायात व्यवस्था को पूर्ववत किया जाएगा।











