Gold Smuggling : मलाशय में छिपाया लाखों का सोना, एयरपोर्ट पर पकड़ी गई चोरी

अहमदाबाद। सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम्स विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने सोने की तस्करी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश किया है। दोहा से अहमदाबाद पहुंची कतर एयरवेज की फ्लाइट (QR-534) से आए एक यात्री के पास से ₹65,70,087 मूल्य का 422.83 ग्राम शुद्ध सोना बरामद किया गया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान गुजरात के गोधरा निवासी 24 वर्षीय सरफराज माला के रूप में हुई है।
संदिग्ध प्रोफाइलिंग और खुफिया इनपुट के आधार पर कस्टम्स अधिकारियों ने जेद्दा से दोहा होते हुए अहमदाबाद पहुंचे सरफराज को रोका। गहन तलाशी और मेडिकल जांच के दौरान खुलासा हुआ कि यात्री ने अपने मलाशय (rectum) में सोने के कैप्सूल छिपा रखे थे। यात्री के शरीर से कुल 467.09 ग्राम गोल्ड पेस्ट बरामद की गई। बाद में जब इस पेस्ट को रिफाइन कर 24 कैरेट शुद्धता वाले सोने के बिस्किट (बार) में बदला गया, तो उसका वजन 422.83 ग्राम निकला।
12 हजार का लालच और पहला ही प्रयास विफल
प्राथमिक पूछताछ में आरोपी सरफराज ने स्वीकार किया कि उसे इस तस्करी के एवज में गोधरा के अल्ताफ नामक व्यक्ति से ₹12,000 मिले थे। यद्यपि वह इससे पहले भी हैदराबाद और मुंबई के रास्तों से यात्रा कर चुका था, लेकिन सोने की तस्करी का यह उसका पहला प्रयास था, जिसमें वह पकड़ा गया। फिलहाल कस्टम विभाग की टीम इस नेटवर्क के मुख्य मास्टरमाइंड और अन्य कड़ियों का पता लगाने में जुटी है।











