नोएडा के PG में असम की युवती की हत्या… युवक के कमरे में लहूलुहान शव मिला, बाहर से बंद था कमरा

नोएडा के बरौला गांव स्थित एक पीजी में असम की रहने वाली 19 वर्षीय युवती की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है. युवती का लहूलुहान शव पीजी की पहली मंजिल पर रहने वाले युवक के कमरे से बरामद हुआ है. युवती के शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं, जबकि धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान भी बताएं जा रहे हैं. घटना के बाद आरोपी कमरे में बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया है. पुलिस ने मकान मालिक की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में शराब पीने को लेकर विवाद की बात सामने आई है. पुलिस मामले की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है.

पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान असम के डिबगरू की रहने वाली महक अहमद के रूप में हुई है. वह 12वीं तक की पढ़ाई कर चुकी थी और करीब 3 सप्ताह पहले ही अपने माता-पिता को बिना बताए नोएडा आई थी. यहां वह अपनी पुरानी सहेली संजना के साथ बरौला गांव स्थित पीजी मैं रह रही थी. इसी मकान की पहली मंजिल पर बिहार के कटिहार का रहने वाला रमन भी कमरा लेकर रहता था. पुलिस के अनुसार, रमन बीटेक कर चुका है और पहले एक आईटी कंपनी में काम कर चुका है. हालांकि मकान में रहने वाले कुछ लोगों ने पुलिस को बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से बेरोजगार था.

शराब पीने को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, 8 अगस्त की रात महक और उसकी सहेली संजना कमरे के बाहर लॉबी में थी. इसी दौरान रमन अपने कमरे के बाहर बैठकर शराब पी रहा था. किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहा सुनी हुई थी. इसके अगले दिन यानी 9 अगस्त को संजना किसी काम से बाहर चलेगी, जबकि महक पीजी में ही थी. कुछ समय बाद जब संजना वापस लौटी तो महक कमरे में नहीं मिली. उसने महक से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद था. काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला. कुछ घंटे बाद पीजी में रहने वाले लोगों को रमन के कमरे से दुर्गंध आने लगी. कमरे पर बाहर से ताला लगा था और रमन भी वहां मौजूद नहीं था. शक होने पर मकान मालिक को सूचना दी गई.

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साबूत

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है. टीम ने कमरे और आसपास के स्थान की जांच की है. पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन भी कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा है. कॉल डिटेल चैट और मोबाइल की अन्य गतिविधियों की जांच की जा रही है, ताकि हत्या से पहले महक किन-किन लोगों के संपर्क में थी और घटना के पीछे क्या वजह रही. इसका पता लगाया जा सके.

फिलहाल पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि पीजी में रहने वाले अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. वहीं आरोपी रमन की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट फोरेंसिक जांच और मोबाइल डाटा के आधार पर मामले की आगे की तस्वीर साफ होगी.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com