फुटेज नहीं मिल रही…’खतरों के खिलाड़ी 15′ की शगुन शर्मा ने एलिमिनेशन टास्क विवाद पर तोड़ी चुप्पी, मेकर्स पर लगाया एडिटिंग का आरोप

रोहित शेट्टी का स्टंट बेस्ड रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ इन दिनों अपने हाई-वोल्टेज ड्रामे और एलिमिनेशन टास्क को लेकर विवादों में घिरा हुआ है. शो की कंटेस्टेंट और ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ फेम एक्ट्रेस शगुन शर्मा ने अब इस पूरे विवाद और अपनी प्रतिक्रिया पर चुप्पी तोड़ी है. शगुन ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक लंबा-चौड़ा नोट शेयर कर टास्क के दौरान हुई पूरी घटना की अपनी तरफ की सच्चाई बताई है. उनका दावा है कि टीवी पर दिखाए गए एपिसोड से मेकर्स ने मुख्य बातचीत का एक बड़ा हिस्सा एडिट करके हटा दिया था. इसके साथ ही शगुन ने गौरव खन्ना (बिना नाम लिए) की इस सलाह से भी साफ इनकार कर दिया कि उन्हें “फुटेज नहीं मिल रही है” इसलिए उन्हें स्टंट में जाना चाहिए.
पूरे वाकये को याद करते हुए शगुन शर्मा ने अपनी पोस्ट में लिखा, “पहले दिन से ही हम सभी के बीच एक आपसी समझ थी कि जो भी टास्क हारेगा, उसी के नाम पर पेन ऑक्शन के लिए विचार किया जाएगा. जब रोहित शेट्टी सर ने हमसे दो नाम देने को कहा, तब दूसरे नाम पर चर्चा चल रही थी. उसी बातचीत के दौरान मुझसे कहा गया कि ‘मैं उम्र में बड़ा हूं, इंडस्ट्री को बेहतर समझता हूं. तुम छोटी हो इसलिए मैं तुम्हें फियर फंदा लेने की सलाह दे रहा हूं, क्योंकि तुम्हें फुटेज नहीं मिल रही है, और यह स्टंट करने से तुम्हें फुटेज मिलेगी.’” भले ही अपनी पोस्ट में उन्होंने गौरव खन्ना का नाम नहीं लिया, लेकिन जिस तरह से उन्होंने गौरव पर बुली करने का आरोप लगाया था, उसे देखने हुए ये अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं कि यहां शगुन गौरव के बारे में बात कर रही हैं.
क्या मेकर्स ने काटी आधी बातचीत?
एक्ट्रेस ने इस तर्क का विरोध करने की वजह बताते हुए आगे लिखा, “मैं इस बात से बिल्कुल सहमत नहीं थी कि फुटेज न मिलना किसी को फियर फंदा में भेजने की वजह हो सकती है. खासकर ये जानते हुए कि इंसान उम्र में छोटा है और तो पेन ऑक्शन का अनुभव कितना दर्दनाक था. दुर्भाग्य से, टीवी पर इस बातचीत का सिर्फ आखिरी और एक छोटा सा हिस्सा ही टेलीकास्ट किया गया. बिना पूरे संदर्भ के मेरी प्रतिक्रिया देखने में काफी अलग लग सकती है.” कंटेस्टेंट में हुई बातचीत की एडिटिंग पर नाराजगी जताते हुए शगुन ने कहा कि उन्होंने शो की टीम से साफ कह दिया है या तो पूरी तस्वीर दिखाएं या फिर कुछ भी न दिखाएं, क्योंकि आधी-अधूरी बातचीत से दर्शकों के बीच गलत प्रभाव पड़ता है. इसमें भी शगुन का इशारा गौरव खन्ना के साथ हुए उनके पुराने विवाद की तरफ भी था.
खतरों के खिलाड़ी 15 में कौन कौन?
अपने नोट के अंत में शगुन ने लिखा, “अपने हक के लिए खड़े होना कभी भी इस बात पर निर्भर नहीं होना चाहिए कि सामने वाला इंसान कितना मशहूर है.” 1 अगस्त से कलर्स टीवी और जियो हॉटस्टार पर शुरू हुए ‘खतरों के खिलाड़ी 15‘ में शगुन शर्मा के अलावा रुबीना दिलैक, करण वाही, ऋत्विक धनजानी, जैस्मिन भसीन, अविनाश मिश्रा, रुहानिका धवन, गौरव खन्ना, फरहाना भट्ट और ओरहान अवत्रमणि (ओरी) जैसे सितारे नजर आ रहे हैं.











